लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने अशोक गहलोत के बयान पर किया पलटवार, कहा— सरकार महिलाओं के सामाजिक, आर्थिक और राजनीतिक सशक्तिकरण के लिए कर रही है ठोस काम।
रूपनारायण सांवरिया | जयपुर
जयपुर। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के हालिया बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि कांग्रेस के वरिष्ठ नेता बिना तथ्यों के बयानबाजी कर जनता को भ्रमित करने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि अशोक गहलोत ने हमेशा भ्रम फैलाने की राजनीति की है, जबकि भारतीय जनता पार्टी महिला सशक्तिकरण को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए धरातल पर योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन कर रही है।
राठौड़ ने कहा कि भाजपा सरकार केवल घोषणाएं नहीं करती, बल्कि महिलाओं के सामाजिक, आर्थिक और राजनीतिक सशक्तिकरण के लिए ठोस योजनाओं के माध्यम से कार्य करती है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में राजस्थान सरकार महिलाओं के उत्थान और आत्मनिर्भरता के लिए लगातार प्रभावी कदम उठा रही है, जिससे बड़ी संख्या में महिलाओं को विभिन्न योजनाओं का लाभ मिल रहा है।
ड्रोन दीदी योजना से मिल रहे रोजगार के अवसर
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि केंद्र सरकार की ड्रोन दीदी योजना के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों की महिलाओं को आधुनिक तकनीक से जोड़कर रोजगार और आय के नए अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं। इससे कृषि क्षेत्र में महिलाओं की भागीदारी बढ़ी है और वे नई तकनीकों का उपयोग कर आत्मनिर्भर बनने की दिशा में आगे बढ़ रही हैं।
आर्थिक सशक्तिकरण पर सरकार का फोकस
राठौड़ ने कहा कि महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने के लिए प्रधानमंत्री मुद्रा योजना के तहत लाखों महिलाओं को बिना गारंटी के ऋण उपलब्ध कराया गया है। इसके अलावा स्वयं सहायता समूहों को प्रोत्साहन, कौशल विकास कार्यक्रमों और विभिन्न स्वरोजगार योजनाओं के माध्यम से महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने का निरंतर प्रयास किया जा रहा है।
शिक्षा, स्वास्थ्य और सुरक्षा में बढ़ाए अवसर
उन्होंने कहा कि शिक्षा, स्वास्थ्य, पुलिस सहित विभिन्न विभागों में महिलाओं को अधिक अवसर प्रदान किए गए हैं। साथ ही उनकी सुरक्षा, सम्मान और समान अवसर सुनिश्चित करने के उद्देश्य से कई नीतिगत फैसले लिए गए हैं, जिनका सकारात्मक प्रभाव प्रदेश में दिखाई दे रहा है।
कांग्रेस पर साधा निशाना
मदन राठौड़ ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि उसके शासनकाल में केवल बड़े-बड़े वादे किए गए, लेकिन धरातल पर अपेक्षित परिणाम नहीं मिले। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता भाजपा सरकार के विकास कार्यों, पारदर्शी शासन और महिला हितैषी नीतियों को देख रही है।
उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा और आत्मनिर्भरता के लिए प्रतिबद्ध है तथा जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन आगे भी जारी रखेगी।
