लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
प्रदेश अध्यक्ष बोले— स्व. सैनी का जीवन राष्ट्रसेवा, संगठन और जनकल्याण के लिए रहा समर्पित।
रूपनारायण सांवरिया | जयपुर
जयपुर। भारतीय जनता पार्टी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष स्वर्गीय मदनलाल सैनी की जयंती पर सोमवार को भाजपा प्रदेश कार्यालय, जयपुर में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। इस अवसर पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने स्व. सैनी के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी।
मदन राठौड़ ने कहा कि स्व. मदनलाल सैनी का संपूर्ण जीवन भाजपा की विचारधारा, संगठन के विस्तार और समाज सेवा के लिए समर्पित रहा। उन्होंने संगठन को मजबूत बनाने, कार्यकर्ताओं को प्रेरित करने और जनहित के मुद्दों को प्रभावी ढंग से उठाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
उन्होंने कहा कि स्व. सैनी का सादगीपूर्ण व्यक्तित्व, अनुशासित कार्यशैली और संगठन के प्रति अटूट निष्ठा आज भी भाजपा कार्यकर्ताओं के लिए प्रेरणा का स्रोत है। अपने सार्वजनिक जीवन में उन्होंने सदैव राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखा और संगठन को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के लिए निरंतर कार्य किया।
राठौड़ ने कहा कि स्व. सैनी ने कार्यकर्ता-आधारित राजनीति को सशक्त बनाने तथा समाज के प्रत्येक वर्ग तक पार्टी की विचारधारा पहुंचाने में उल्लेखनीय योगदान दिया। उनके नेतृत्व, समर्पण और कर्मठता को सदैव सम्मानपूर्वक स्मरण किया जाएगा।
इस अवसर पर भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष नाहर सिंह जोधा, प्रदेश महामंत्री भूपेंद्र सैनी, प्रदेश मंत्री डॉ. अपूर्वा सिंह, प्रदेश कार्यालय प्रभारी मुकेश पारीक, ओबीसी मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. महेंद्र कुमावत, प्रदेश प्रवक्ता स्टेफी चौहान सहित अनेक पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने स्व. मदनलाल सैनी को पुष्पांजलि अर्पित की।
श्रद्धांजलि सभा में उपस्थित सभी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने स्व. सैनी के आदर्शों पर चलने तथा राष्ट्रसेवा और जनकल्याण के कार्यों को आगे बढ़ाने का संकल्प भी लिया।
