लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
सुख सेवा संस्थान में अभिनेता धर्मेंद्र की याद में आयोजित हुआ विशेष कार्यक्रम
चित्तौड़गढ़। सिनेमा जगत के महान अभिनेता स्वर्गीय धर्मेंद्र की जन्मतिथि पर सुख सेवा संस्थान नशा मुक्ति एवं परामर्श केंद्र, चित्तौड़गढ़ में उनकी स्मृति में ‘ये दोस्ती हम नहीं तोड़ेंगे’ शीर्षक से भावपूर्ण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत धर्मेंद्र के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर की गई।
इस अवसर पर संस्थान अध्यक्ष गफ्फार पठान ने बताया कि चित्तौड़गढ़ के सुप्रसिद्ध कलाकार अमित कुमार चेचानी ने धर्मेंद्र पर फिल्माए गए सदाबहार गीतों की शानदार प्रस्तुतियां देकर उपस्थित जनों को मंत्रमुग्ध कर दिया। उन्होंने ‘गाड़ी बुला रही है’, ‘बुरा मत सुनो बुरा मत देखो’, ‘एहसान मेरे दिल पर तुम्हारा है दोस्तों’ और ‘ये दोस्ती हम नहीं तोड़ेंगे’ जैसे लोकप्रिय गीत गाकर इलाजरत मरीजों का मन मोह लिया।
मरीजों ने भी गाए गीत, लिया कार्यक्रम का भरपूर आनंद
कार्यक्रम के दौरान नशामुक्ति केंद्र में रह रहे मरीजों ने भी धर्मेंद्र के गीत गाकर खूब उत्साह दिखाया और आनंद लिया।
काउंसलर प्रभात शर्मा ने धर्मेंद्र के जीवन, संघर्ष और प्रेरणादायक सफर पर प्रकाश डालते हुए मरीजों को सकारात्मक सोच के लिए प्रेरित किया। वहीं कलाकार अमित चेचानी ने धर्मेंद्र की चुनिंदा फिल्मों पर चर्चा कर मरीजों को जीवन में आगे बढ़ने की प्रेरणा दी।
संस्थान में निरंतर होती रहती हैं रचनात्मक गतिविधियां
काउंसलर प्रभात शर्मा ने बताया कि संस्थान में इलाजरत मरीजों के मानसिक और भावनात्मक उत्थान के लिए समय-समय पर विभिन्न रचनात्मक, सांस्कृतिक और साहित्यिक गतिविधियां आयोजित की जाती हैं। इन कार्यक्रमों का उद्देश्य मरीजों में नई ऊर्जा और सकारात्मकता का संचार करना है, ताकि वे स्वस्थ होकर समाज में पुनः अपनी नई शुरुआत आत्मविश्वास के साथ कर सकें।
कार्यक्रम के अंत में प्रभात शर्मा ने कलाकार अमित चेचानी का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर संस्थान के जितेंद्र तोमर, कन्हैया लाल, शोएब, पवन शर्मा, कमलेश सहित अन्य स्टाफ सदस्य उपस्थित रहे।