लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
जयपुर। विद्याधर नगर विधानसभा क्षेत्र के डेहर स्थित बालाजी मंदिर परिसर में आज भक्ति और उत्साह का अद्भुत संगम देखने को मिला। उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी ने श्री श्याम मंदिर सेवा समिति द्वारा आयोजित षष्टम विशाल निशान पदयात्रा को विधिवत रवाना किया।
बाबा श्री श्याम के जयघोषों से गूंजते वातावरण में सैकड़ों श्रद्धालु निशान लेकर पदयात्रा में शामिल हुए। भक्तों ने अनुशासन और उत्साह के साथ यात्रा प्रारंभ की, और पूरा क्षेत्र भक्ति रस में सराबोर नजर आया।
इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री ने बाबा श्याम की पूजा-अर्चना कर आरती में भाग लिया और प्रदेश की सुख-समृद्धि, शांति और सर्वांगीण विकास की कामना की। उन्होंने आयोजन से जुड़े सभी श्रद्धालुओं, सेवा समिति के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया और उनके समर्पण की सराहना की।