लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
नागौर | प्रदीप कुमार डागा
जीते-जी रक्तदान और मृत्यु के बाद नेत्रदान की भावना को साकार करते हुए लायंस क्लब नागौर अहिछत्रपुर ने शनिवार को नेत्रदान का पुनीत कार्य संपन्न कराया। इस मानवीय पहल से दो दृष्टिहीन व्यक्तियों को नई रोशनी मिलने की राह प्रशस्त हुई।
लोहियों का चौक, नागौर निवासी स्वर्गीय मूलचंद कोठारी के निधन के उपरांत क्लब सदस्यों ने उनके परिजनों से संपर्क कर नेत्रदान के लिए प्रेरित किया। लायन सदस्य पारसमल भूरट एवं प्रमिल नाहटा की प्रेरणा से परिवारजनों महावीर कोठारी, हीराचंद, चंचलमल नाहर तथा उनके सुपुत्र नरेंद्र, दिनेश, शुभम कोठारी एवं सुभाष, गणपत और नरपत कोठारी ने सहमति प्रदान कर समाज के प्रति अनुकरणीय उदाहरण प्रस्तुत किया।
नेत्रदान की प्रक्रिया राजकीय जेएलएन अस्पताल के नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. धर्मेंद्र डूडी, रेजीडेंट चिकित्सक डॉ. श्वेता, नर्सिंग स्टाफ रवि, अपूर्वा तथा सहायक उत्तम की टीम द्वारा सफलतापूर्वक संपन्न कराई गई।
लायंस क्लब नागौर अहिछत्रपुर के अध्यक्ष लायन नितिन मित्तल ने बताया कि नवगठित क्लब ने अपनी सेवा गतिविधियों की शुरुआत नेत्रदान जैसे महान कार्य से की है। उन्होंने कहा कि समाज में नेत्रदान के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए क्लब आगे भी ऐसे अभियान चलाता रहेगा।
इस अवसर पर रीजन चेयरमैन लायन दिलीप पिती, उपाध्यक्ष प्रमिल नाहटा, पारसमल भूरट, कोषाध्यक्ष जुगलकिशोर ख्याताणी एवं शांतिलाल चौधरी सहित कई गणमान्य सदस्य उपस्थित रहे।
नेत्रदान के इस प्रेरणादायी कार्य को क्षेत्र में सराहना मिल रही है और इसे मानव सेवा की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
