लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
श्रीगंगानगर। भारतीय जनता पार्टी के पंडित दीनदयाल प्रशिक्षण महाभियान के अंतर्गत श्रीगंगानगर जिले का दो दिवसीय प्रशिक्षण वर्ग शुक्रवार को सूरतगढ़ में विधिवत रूप से प्रारंभ हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ महापुरुषों के चित्रों पर पुष्पांजलि अर्पित कर, दीप प्रज्वलन एवं वंदेमातरम् के सामूहिक गायन के साथ किया गया।
भाजपा जिला महामंत्री प्रदीप धेरड़ एडवोकेट ने बताया कि प्रशिक्षण वर्ग में पहुंचे सभी अतिथियों एवं पदाधिकारियों का भाजपा का पटका पहनाकर स्वागत किया गया।
प्रशिक्षण वर्ग के प्रथम सत्र में मुख्य वक्ता छगन माहुर ने “कार्यपद्धति” विषय पर विस्तार से उद्बोधन दिया। उन्होंने बैठक, कार्यसमिति, कार्यशाला, प्रशिक्षण और प्रवास सहित संगठनात्मक विषयों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी विचार आधारित पार्टी है और कार्यकर्ता ही संगठन की सबसे बड़ी शक्ति हैं।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से राष्ट्र प्रथम की भावना के साथ संगठन और समाजहित में निरंतर कार्य करने का आह्वान करते हुए कहा, “तेरा वैभव अमर रहे मां, हम दिन चार रहें ना रहें।”
इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष शरणपाल सिंह ने प्रशिक्षण वर्ग की प्रस्तावना रखते हुए कहा कि भाजपा केवल राजनीतिक दल नहीं बल्कि राष्ट्रहित और सेवा भाव से कार्य करने वाला वैचारिक संगठन है। उन्होंने कहा कि ऐसे प्रशिक्षण वर्ग कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा का संचार करते हैं और संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
उद्घाटन सत्र में भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष सुरेंद्र पाल सिंह टीटी, जिला संगठन प्रभारी दशरथ सिंह शेखावत, प्रशिक्षण वर्ग जिला प्रभारी शंकर सिंह राजपुरोहित, अनुसूचित जाति मोर्चा प्रदेशाध्यक्ष निहालचंद मेघवाल, यादे माटी कला बोर्ड अध्यक्ष प्रहलाद राय टाक, पूर्व विधायक बलबीर सिंह लूथरा तथा प्रशिक्षण वर्ग जिला संयोजक रतन गणेश गढ़िया मंच पर उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का संचालन भाजपा जिला महामंत्री सुरेंद्र गोदारा ने किया। प्रशिक्षण वर्ग में प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य शिव स्वामी, महेश पेड़ीवाल, रामावतार यादव, महेंद्र सिंह सोढ़ी, अविनाश डाबी, महेंद्र प्रताप मंडा, अंजू सैनी, बबीता गौड़, जिला मीडिया संयोजक श्रीचंद चौधरी, ओमप्रकाश कालवा, श्याम धारीवाल, बृजमोहन सहारण, सतपाल कासनियां सहित सैकड़ों भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
इससे पूर्व प्रशिक्षण वर्ग स्थल पर आयोजित प्रदर्शनी का भाजपा नेताओं ने फीता काटकर उद्घाटन किया।
