लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
नगरवासियों ने दोषियों को कड़ी सजा देने की मांग उठाई, राष्ट्रपति के नाम एसडीएम को सौंपा ज्ञापन
चौमहला (झालावाड़) | सुनील निगम
श्रीगंगानगर में 13 वर्षीय बालिका के साथ हुई कथित जघन्य घटना के विरोध में गुरुवार को झालावाड़ जिले के चौमहला में लोगों का आक्रोश देखने को मिला। नगरवासियों ने विरोध प्रदर्शन करते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
नगर के झंडा चौक पर बड़ी संख्या में लोग एकत्र हुए। प्रदर्शनकारियों ने हाथों में तख्तियां लेकर घटना के विरोध में नारे लगाए और दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा देने की मांग की।
इसके बाद नगर में बाइक रैली निकाली गई, जो प्रमुख मार्गों से होकर पुलिस थाने पहुंची। वहां से प्रदर्शनकारी पैदल मार्च करते हुए नारेबाजी के साथ गंगधार उपखंड अधिकारी (एसडीएम) कार्यालय पहुंचे।
यहां व्यापार संघ और नगरवासियों की ओर से राष्ट्रपति के नाम एसडीएम को ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन में मामले की निष्पक्ष जांच, दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी एवं कड़ी कानूनी कार्रवाई, फास्ट ट्रैक कोर्ट में सुनवाई, पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता और सुरक्षा उपलब्ध कराने के साथ-साथ महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की गई।
प्रदर्शनकारियों ने कहा कि महिलाओं और बालिकाओं के विरुद्ध अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए कठोर और त्वरित कार्रवाई आवश्यक है, ताकि समाज में सुरक्षा और कानून व्यवस्था के प्रति विश्वास कायम रह सके।
