लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
2.42 करोड़ रुपये से होगा कायाकल्प, तीन दर्जन से अधिक गांवों के किसानों को मिलेगा लाभ
राजसमंद | गौतम शर्मा
राजसमंद-भीलवाड़ा जिले की सीमा पर स्थित फुकीया चंद्रभागा बांध की पाल की मरम्मत का वर्षों पुराना इंतजार आखिरकार खत्म हो गया है। करीब 2.42 करोड़ रुपये की लागत से पाल की मरम्मत एवं चौड़ीकरण का कार्य शुरू हो गया है। निर्माण कार्य तेज गति से चलने पर क्षेत्र के किसानों और ग्रामीणों में खुशी का माहौल है।
सिंचाई विभाग के कनिष्ठ अभियंता (जेईएन) श्रीकांत शर्मा ने बताया कि बांध की जलभराव क्षमता करीब 18.5 फीट है और यह लगभग 10 किलोमीटर क्षेत्र में फैला हुआ है। बांध की पाल की लंबाई करीब 4.25 किलोमीटर है। डीएमएफटी (DMFT) फंड से कराए जा रहे इस कार्य के बाद पाल की चौड़ाई बढ़ाकर करीब 12 फीट (लगभग 4.5 मीटर) कर दी जाएगी।
उन्होंने बताया कि यह क्षेत्र का महत्वपूर्ण मिट्टी का बांध है। इसके भरने पर तीन दर्जन से अधिक गांवों की कृषि भूमि की सिंचाई होती है। साथ ही आसपास के किसानों के कुओं का जलस्तर बढ़ने से खेती को भी बड़ा लाभ मिलता है। बांध में पानी की आवक चंद्रभागा नदी और गोवलियां पिकअप वियर के फीडर के माध्यम से होती है।
मरम्मत कार्य शुरू होने के बाद आसपास के गांवों के लोग बड़ी संख्या में बांध पर पहुंचकर निर्माण कार्य का निरीक्षण कर रहे हैं। ग्रामीणों ने सहाड़ा विधायक लादूलाल पितलिया और सिंचाई विभाग का आभार जताते हुए कहा कि वर्षों बाद शुरू हुआ यह कार्य क्षेत्र के किसानों, ग्रामीणों और सिंचाई व्यवस्था के लिए बेहद लाभदायक साबित होगा।
