लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
श्रीगंगानगर (मनजीत सिंह, ब्यूरो चीफ)। श्रीगंगानगर में भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान-2026 के तहत प्रारूप मतदाता सूची प्रकाशित कर दी गई है। जिले में अब कुल 1718 मतदान केन्द्र हैं। दावे एवं आपत्तियां 16 दिसंबर 2025 से 15 जनवरी 2026 तक प्रस्तुत की जा सकेंगी।
जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिला कलक्टर डॉ. मंजू की अध्यक्षता में मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में बैठक हुई, जिसमें विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों के ईआरओ और राजनैतिक दलों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। बैठक में बताया गया कि गणना चरण (04.11.2025 से 11.12.2025) में कुल 1,467,224 मतदाताओं ने अपने गणना प्रपत्र जमा किए। प्रारूप मतदाता सूची में इन मतदाताओं के नाम सम्मिलित कर दिए गए हैं।
गणना प्रपत्र प्राप्त न होने वाले 96,369 मतदाताओं में मृत मतदाता 26,754, स्थायी रूप से स्थानांतरित 50,327, अनुपस्थित 13,028, सूची में एकाधिक स्थान पर पंजीकृत 5,703 और अन्य 557 शामिल हैं। सूची जिले की वेबसाइट और मतदान केन्द्रों पर भी उपलब्ध कराई गई है।
इस दौरान फॉर्म-6 के माध्यम से 2,714 नए पंजीकरण आवेदन प्राप्त हुए, जिनका नाम प्रक्रिया पूर्ण होने पर मतदाता सूची में जोड़ा जाएगा। 1.4.2026, 1.7.2026 और 1.10.2026 को 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले युवा भी अग्रिम आवेदन कर सकते हैं।
बैठक में यह भी बताया गया कि जिले के सभी 1200 से अधिक मतदाताओं वाले बूथों का पुनर्गठन किया गया है, जिससे पूर्व 1,463 मतदान केन्द्रों में से 255 नए मतदान केन्द्र सृजित किए गए हैं।
दावे एवं आपत्तियां संबंधित ईआरओ कार्यालयों में प्रस्तुत की जा सकती हैं। ईआरओ के निर्णय के खिलाफ 15 दिन में प्रथम अपील जिला मजिस्ट्रेट को, और उसके बाद द्वितीय अपील मुख्य निर्वाचन अधिकारी को की जा सकती है। अंतिम मतदाता सूची 14 फरवरी 2026 को प्रकाशित की जाएगी।
बैठक में श्रीगंगानगर विधायक जयदीप बिहाणी, उपजिला निर्वाचन अधिकारी सुभाष कुमार, ईआरओ नयन गौतम, रविन्द्र यादव और राजनैतिक दलों के प्रतिनिधि शामिल रहे।
