लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
गंगधार (झालावाड़)। झालावाड़ जिले के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय गंगधार में शिक्षिका संतोष निगम के सेवानिवृत्त होने पर विद्यालय स्टाफ द्वारा भव्य विदाई एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय परिवार के सदस्य, शिक्षक-शिक्षिकाएं, छात्र-छात्राएं तथा नगर के गणमान्य नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
समारोह का शुभारंभ विद्यालय परिवार द्वारा अतिथियों के स्वागत के साथ किया गया। कार्यक्रम का मंच संचालन शिक्षक ओमप्रकाश शर्मा ने किया। इस अवसर पर शिक्षिका संतोष निगम को प्रशस्ति पत्र एवं प्रतीक चिन्ह भेंट कर उनके दीर्घकालीन सेवाकाल के लिए सम्मानित किया गया। इसके पश्चात स्नेह भोज का आयोजन किया गया तथा भावभीनी विदाई दी गई।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए शिक्षक प्रभुलाल मेहर ने कहा कि संतोष निगम ने 29 वर्ष 6 माह 9 दिन की राजकीय सेवा के दौरान विद्यालय में अनुशासन, समर्पण और शैक्षणिक गुणवत्ता की मिसाल कायम की। उनका कार्यकाल सदैव प्रेरणादायी रहेगा। उन्होंने ईश्वर से प्रार्थना की कि सेवानिवृत्ति के बाद उनका जीवन सुख, शांति और समृद्धि से परिपूर्ण रहे।
विद्यालय के प्राचार्य मनोहर दास बैरागी ने कहा कि संतोष निगम के मार्गदर्शन और नेतृत्व में विद्यालय का शैक्षणिक वातावरण, अनुशासन और कार्यसंस्कृति सदैव उच्च स्तर की रही है। उनके योगदान को विद्यालय परिवार सदैव स्मरण करेगा।
विदाई समारोह के अंतर्गत ग्राम पंचायत से एक सम्मान जुलूस भी निकाला गया, जिसमें जगह-जगह आतिशबाजी की गई तथा नगर के गणमान्य लोगों ने फूलों से स्वागत एवं अभिनंदन किया।
समारोह में मनोहर दास बैरागी, प्रभुलाल मेहर, ओमप्रकाश शर्मा, संतोष कुमार शर्मा, व्याख्याता किरण, धर्मेश नीमा, आशा निगम, अंजना एम. भालेराव, गोविन्द नारायण सुमन एवं रामनारायण निगम सहित अनेक शिक्षकगण उपस्थित रहे।
