लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
लोसल,सीकर । प्रसिद्ध संत परमहंस बाबा परमानंद की 74वीं पुण्यतिथि रविवार को श्रद्धा और भक्ति के साथ मनाई जाएगी। इस अवसर पर रामानंद आश्रम परमानंद धाम में दो दिवसीय धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है, जिसकी तैयारियां जोरों-शोरों से की जा रही हैं।
आश्रम के पीठाधीश्वर आकाशानंद गिरि के सानिध्य में आयोजित कार्यक्रमों की शुरुआत रविवार को प्रातः 10:15 बजे बाबा परमानंद की झांकी सजाकर शोभायात्रा निकालने से होगी। शोभायात्रा में गाजे-बाजे और कीर्तन के साथ आश्रम से शुरू होकर बंध्या कुआं चौक, मुख्य बाजार, शास्त्री नगर, कुचामन बस स्टैंड और विवेकानंद चौक होते हुए पुनः आश्रम पहुंचेगी।
दोपहर में आश्रम में समाधि श्रृंगार और रुद्राभिषेक के बाद हवन का आयोजन होगा। रात्रि को महा आरती और शिव अर्चना के पश्चात शास्त्रीय संगीत का कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, जिसमें आमंत्रित गायक कलाकार अपनी प्रस्तुति देंगे।
सोमवार को आश्रम में भंडारा का आयोजन होगा, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु प्रसाद ग्रहण करेंगे।
