लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
अफवाहों पर ध्यान न देने और पैनिक बाइंग से बचने की अपील
जयपुर | (रूपनारायण सांवरिया)
वी. श्रीनिवास ने सचिवालय में आयोजित उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक में स्पष्ट किया कि राज्य में पेट्रोल, डीजल और एलपीजी का पर्याप्त भंडार उपलब्ध है और आमजन को किसी भी प्रकार की घबराहट में खरीदारी करने की आवश्यकता नहीं है।
आपूर्ति व्यवस्था पूरी तरह नियंत्रण में
मुख्य सचिव ने कहा कि राजस्थान सरकार की व्यवस्था पूरी तरह नियंत्रित है और राज्य देश की प्रमुख पाइपलाइन नेटवर्क प्रणाली से जुड़ा हुआ है, जिससे नियमित ईंधन आपूर्ति लगातार जारी रहती है।
उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने भी राज्य को आश्वस्त किया है कि भविष्य में आपूर्ति श्रृंखला में किसी प्रकार की बाधा नहीं आने दी जाएगी।
दैनिक स्टॉक मॉनिटरिंग के निर्देश
बैठक में निर्देश दिए गए कि तेल एवं गैस कंपनियां जिला-वार पेट्रोल, डीजल और एलपीजी स्टॉक का दैनिक डेटा सार्वजनिक करें, ताकि किसी भी प्रकार की अफवाह या कृत्रिम कमी की स्थिति उत्पन्न न हो।
इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन लिमिटेड, भारत पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड और हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड के अधिकारियों ने भी बैठक में भाग लिया।
अवैध बिक्री और जमाखोरी पर सख्ती
मुख्य सचिव ने पेट्रोल-डीजल की ड्रमों में अवैध बिक्री और जमाखोरी पर सख्त निगरानी रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की अनियमितता को रोकने के लिए प्रशासन लगातार निगरानी कर रहा है। 
जनता से अपील
सरकार ने आमजन से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और पैनिक बाइंग से बचें, ताकि सप्लाई सिस्टम पर अनावश्यक दबाव न बने और व्यवस्था सामान्य रूप से चलती रहे।