लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
राधिका दीदी ने सुनाया “राम से बड़ा राम का नाम”
उनियारा (सत्यप्रकाश मयंक)।
शहर के मुख्य बाजार स्थित राम रघुनाथ मंदिर में चल रही राम कथा का पंचम दिवस मनोहारी ढंग से संपन्न हुआ। कथा में गुरु विश्वामित्र द्वारा राम को ताड़का वध के लिए साथ ले जाना, राम-लक्ष्मण का जनकपुरी जाना, पुष्प वाटिका में राम और जनकी का मिलन जैसे अनेक रोचक प्रसंग सुनाए गए।
कथा वाचक राधिका दीदी ने भक्तों और भगवान के बीच के संबंध को भावपूर्ण तरीके से प्रस्तुत किया, जिससे श्रद्धालु झूम उठे। कथा के दौरान सफला एकादशी के महत्व पर भी प्रकाश डाला गया। बताया गया कि इस व्रत से कार्यों में सफलता, सुख-समृद्धि, पापों का नाश, भगवान विष्णु की प्रसन्नता, आरोग्य जीवन और मोक्ष की प्राप्ति होती है।
कथा के यजमान विजय सिंह ने सपत्नीक आचार्य बसंत शर्मा, अजय शर्मा, हरीश चौहान और श्याम सिंह पवार के सानिध्य में संगीतमय मंत्रोच्चार के साथ भगवान का पूजन किया। कथा के दौरान कर्णप्रिय भजनों पर श्रद्धालुओं ने जमकर नृत्य किया। पंडित अमित भारद्वाज द्वारा राम रघुनाथ जी का मनमोहक दरबार सजाया गया।
कथा का विश्राम अवध बिहारी जी की आरती के साथ संपन्न हुआ और भक्तों को भोग एवं प्रसाद वितरित किया गया। राम कथा सुनने के लिए बड़ी संख्या में उनियारा शहर और आसपास के गांवों से श्रद्धालु उपस्थित रहे।
