Home latest राजस्थान प्रदेश कांग्रेस ने पूर्व प्रधानमंत्री डॉ.मनमोहन सिंह को दी श्रद्धांजलि

राजस्थान प्रदेश कांग्रेस ने पूर्व प्रधानमंत्री डॉ.मनमोहन सिंह को दी श्रद्धांजलि

0

लोक टुडे न्यूज नेटवर्क

गहलोत ने प्रदेश की भाजपा सरकार पर साधा निशाना

जयपुर,। (आर एन सांवरिया) राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी मुख्यालय जयपुर पर पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह के निधन होने पर प्रार्थना सभा आयोजित हुई। प्रार्थना सभा में पूर्व प्रधानमंत्री स्व. डॉ. मनमोहन सिंह के सम्मान में प्रदेश कांग्रेस कमेटी द्वारा शोक प्रस्ताव पारित किया गया व दो मिनट का मौन रखा गया तथा उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि प्रदान की गई। इस अवसर पर राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष गोविन्द सिंह डोटासरा, पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ. सी. पी. जोशी, डॉ. बी. डी कल्ला, एआईसीसी के बिहार प्रदेश प्रभारी मोहन प्रकाश सहित विधायक, सांसद, पूर्व मंत्री, पीसीसी पदाधिकारियों सहित प्रदेशभर से बड़ी संख्या में कांग्रेस नेतागण श्रद्धांजलि सभा में उपस्थित रहे।
इस अवसर पर राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष गोविन्द सिंह डोटासरा ने मीडिया को सम्बोधित करते हुए कहा कि डॉ. मनमोहन सिंह अपने कार्याें, स्वभाव एवं व्यक्तित्व के कारण पूरे विश्व में प्रसिद्ध थे। उन्होंने कहा कि डॉ. सिंह ने भारत को विश्व की मजबूत अर्थव्यवस्था बनाने तथा वैश्विक पटल पर देश को नम्बर वन बनाने हेतु कार्य किया। उन्होंने कहा कि डॉ. सिंह ने देश में आर्थिक उदारीकरण की नीति लागू कर अपने कार्यों से ऐसे समय में जब पूरा विश्व आर्थिक मंदी का सामना कर रहा था, देश को उन्नति के पथ पर ले जाने का कार्य किया।

उन्होंने कहा कि आज देश के सभी नागरिक डॉ. मनमोहन सिंह द्वारा किए गए कार्यों को श्रद्धा से याद कर रहे है। उन्होंने कहा कि मनमोहन सिंह ने अपने 10 वर्षीय कार्यकाल में जो कार्य किए उसी का परिणाम है कि आज देश वैश्विक पटल पर मजबूत अर्थव्यवस्था के रूप में अपनी उपस्थिति दर्ज करवा रहा है। उन्होंने कहा कि मनमोहन सिंह ने देशवासियों को मनरेगा लागू कर रोजगार का अधिकार दिया, राईट-टू-एज्यूकेशन लागू कर शिक्षा का अधिकार दिया। उन्होंने कहा कि देशवासियों को खाद्य सुरक्षा अधिनियम के माध्यम से लाभान्वित करने के साथ ही किसानों का 72 हजार करोड़ रुपये का ऋण माफ करने जैसे उत्कृष्ट एवं अनुकरणीय कार्य किये, जिनकी चर्चा पूरे विश्व में हो रही है। उन्होंने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह ने देश के दलितों, पिछड़ों, किसान, मजदूर, महिलाओं, युवाओं, छोटे व्यापारियों के उत्थान के लिए महत्वपूर्ण योजनाएं बनाकर कार्य किया।

उन्होंने कहा कि देश में सर्वाधिक लोगों को गरीबी रेखा से ऊपर ले जाने का कार्य डॉ. सिंह के कार्यकाल में ही हुआ था। उन्होंने कहा कि लोग डॉ. मनमोहन सिंह के 10 वर्षीय कार्यकाल एवं वर्तमान सरकार के कार्यकाल की तुलना कर रहे है। उन्होंने कहा कि मनमोहन सिंह के कार्यकाल में एक तरफ गरीबों के उत्थान के लिए कानून एवं फ्लैगशिप योजनाएं लागू हुई, दूसरी ओर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के कार्यकाल में नोटबंदी, किसानों पर थोपे गए काले कानून लागू हुए। उन्होंने कहा कि एकरतफ मनमोहन सिंह ने किसानों को 72 हजार करोड़ का ऋण माफ कर राहत दी थी, वहीं दूसरी ओर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के कार्यकाल में तीन वर्ष से किसान अपनी जायज मांगों को लेकर सरकार से किए गए समझौते को लागू करवा कर एमएसपी का कानून बनवाने के लिए सड़कों पर संघर्ष करने के लिए मजबूर है। उन्होंने कहा कि राजस्थान में भारतीय जनता पार्टी की सरकार ने अति कर दी क्योंकि जनता की मांग पर बेहतर प्रशासनिक व्यवस्था के लिए गठित नए जिलों को भाजपा की राजस्थान सरकार ने निरस्त कर दिया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस शासन में गठित नए संभागों एवं जिलों के माध्यम से गरीब कल्याण की योजनाओं के बेहतर निष्पादन का कार्य हो रहा था और प्रदेशवासियों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए सुविधाएं मिल रही थी किन्तु भाजपा सरकार ने राजनीतिक दुर्भावना के कारण इन जिलों एवं संभागों को समाप्त करने का जनविरोधी कार्य किया है। उन्होंने कहा कि भाजपा की राजस्थान सरकार ने अपने 12 माह के कार्यकाल में केवल दिल्ली से आयी पर्ची को पढ़ने का कार्य किया है, सही या गलत का आंकलन भी निर्णय लेते समय नहीं किया जा रहा है।
डोटासरा ने मांग की है कि मुख्यमंत्री स्वयं की ओर से एक प्रतिनिधि नियुक्त करें जो कांग्रेस पार्टी के प्रतिनिधि से नए जिलों को लेकर परिचर्चा कर सके। मुख्यमंत्री के प्रतिनिधि भारतीय जनता पार्टी में शामिल हुए भाजपा कार्यकर्ता ललित के. पंवार की अध्यक्षता में गठित समिति की रिपोर्ट में वर्णित मापदण्डों पर चर्चा करें और कांग्रेस के प्रतिनिधि कांग्रेस सरकार के शासन में गठित कमेटी के मापदण्डों को बताने का कार्य करेंगे।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार ने अपने शासन में गठित कमेटी में वर्णित सभी मापदण्डों के आधार पर नए जिलों एवं संभागों का गठन जनता की मांग पर जनकल्याण के लिए किया था। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने भाजपा के कार्यकर्ता को कमेटी का जिम्मा प्रदान कर अपनी मनमर्जी से जिले एवं संभाग समाप्त करने का निर्णय करवा दिया है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार में जानबूझकर ऐसे समय जिले एवं संभाग निरस्त करने का निर्णय लिया है जब 01 जनवरी, 2025 से जिले एवं संभागों की सीमाओं को जनगणना के कारण बंद करने का आदेश केन्द्र सरकार ने दिया है ताकि कोई व्यक्ति न्यायालय की भी शरण में नहीं जा सके। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार का यह निर्णय अन्यायपूर्ण है क्योंकि जिलों एवं संभागों का परिसीमन किया जा सकता था। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी सड़क से सदन तक आमजनता के हितों के लिए जो कुठाराघात जनता के अधिकारों पर भाजपा की पर्ची सरकार ने किया है, उसके विरूद्ध लड़ेंगे।
इस अवसर पर पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा कि डॉ. सिंह के व्यक्तित्व में सादगी झलकती थी और उन्होंने देश की अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने का कार्य किया। उन्होंने कहा कि डॉ. सिंह ने वित्त मंत्री रहते हुए जिस प्रकार देश में आर्थिक उदारीकरण किया उससे देशवासियों की सोच में बदलाव आया। उन्होंने कहा कि आज जो देश में विकास दिख रहा है, इन्फ्रास्ट्रक्चर, मजबूत अर्थव्यवस्था, विदेशी निवेश सब पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह की देन है। उन्होंने कहा कि ऐसे व्यक्तित्व को खोना देश के लिए अपूरणीय क्षति है। उन्होंने कहा कि राजस्थान में रिफाइनरी का प्रोजेक्ट भी उन्हीं की देन है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के सौभाग्य की बात है कि वे राजस्थान से राज्यसभा के सदस्य रहे। उन्होंने कहा कि डॉ. सिंह का व्यक्तित्व सभी देशवासियों एवं प्रदेशवासियों के लिए प्रेरणादायक है। उन्होंने कहा कि डॉ. मनमोहन सिंह के निधन से सभी देशवासी शोक संतप्त है और श्रद्धांजलि अर्पित कर रहे है।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version