लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
अजमेर से नितिन मेहरा
अजमेर। विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी एवं केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण राज्य मंत्री भागीरथ चौधरी ने तीर्थराज पुष्कर में आयोजित श्री ब्रह्मा सावित्री वेद विद्यापीठ आश्रम के रजत जयंती समारोह–2026 में सहभागिता की। इस अवसर पर दोनों नेताओं ने परम् विभूषित राष्ट्र संत गोविंद देव गिरी जी महाराज का आशीर्वाद प्राप्त किया।
विधानसभा अध्यक्ष देवनानी ने कहा कि आश्रम द्वारा पिछले 25 वर्षों में वेदाध्ययन, संस्कार आधारित शिक्षा, राष्ट्र चेतना के जागरण और सनातन संस्कृति के संरक्षण के लिए किया गया कार्य अनुकरणीय है। उन्होंने कहा कि वेद केवल ग्रंथ नहीं, बल्कि जीवन जीने की शाश्वत पद्धति हैं, जो ‘वसुधैव कुटुंबकम्’ की भावना को साकार करते हैं।
उन्होंने कहा कि भौतिकता के बढ़ते प्रभाव के बीच गुरुकुल परंपरा, संस्कृत शिक्षा, योग प्रशिक्षण और नैतिक मूल्यों पर आधारित पाठ्यक्रम समाज को सही दिशा दे रहे हैं। इस दौरान उन्होंने वेदपाठी विद्यार्थियों एवं आचार्यों का सम्मान कर उनका उत्साहवर्धन किया।
केंद्रीय राज्य मंत्री भागीरथ चौधरी ने कहा कि ऐसे संस्थान भारत की आत्मा को जीवित रखने का कार्य कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि वेद, संस्कार और सेवा के माध्यम से तैयार हो रही पीढ़ी राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाएगी। कृषि, पर्यावरण संरक्षण और ग्रामीण विकास जैसे क्षेत्रों में भी वैदिक मूल्यों की प्रासंगिकता अत्यंत महत्वपूर्ण है।
श्याम शरण देवाचार्य महाराज ने कहा कि वेद और सनातन परंपरा केवल अतीत की धरोहर नहीं, बल्कि वर्तमान और भविष्य का मार्गदर्शन करने वाली दिव्य चेतना हैं।
राष्ट्र संत गोविंद देव गिरी जी महाराज ने शिक्षा व्यवस्था में संस्कार, आध्यात्मिकता और राष्ट्रभक्ति के समावेश पर बल दिया। समारोह में देशभर से आए संत-महात्माओं, वेदाचार्यों, शिक्षाविदों एवं श्रद्धालुओं की उपस्थिति रही। वैदिक मंत्रोच्चार, यज्ञ-हवन और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ कार्यक्रम भव्यता के साथ संपन्न हुआ।