लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
पहली फ्लाइट के यात्रियों का हुआ स्वागत
जोधपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा 4 जुलाई को लोकार्पित जोधपुर एयरपोर्ट के नए टर्मिनल भवन का शनिवार (12 जुलाई) से विधिवत संचालन शुरू हो गया। पहले ही दिन केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने पहली फ्लाइट के यात्रियों का गुलदस्ता भेंट कर स्वागत किया और उन्हें शुभ यात्रा की शुभकामनाएं दीं। वहीं, पहली उड़ान से जोधपुर पहुंचे यात्रियों का भी एयरपोर्ट पर गर्मजोशी से अभिनंदन किया गया।
करीब ₹480 करोड़ की लागत से निर्मित नया टर्मिनल पुराने भवन की तुलना में लगभग छह गुना बड़ा है। इसकी वार्षिक क्षमता 20 लाख (2 मिलियन) यात्रियों को संभालने की है, जिससे भविष्य में बढ़ते हवाई यातायात को बेहतर सुविधाएं मिल सकेंगी।
एयरपोर्ट निदेशक मनोज उनियाल ने बताया कि नए टर्मिनल में यात्रियों की सुविधा के लिए अत्याधुनिक व्यवस्थाएं विकसित की गई हैं। इसमें 6 एयरोब्रिज, आगमन क्षेत्र में 3 कन्वेयर बेल्ट, 20 चेक-इन काउंटर तथा पूरे टर्मिनल परिसर में वाई-फाई सुविधा उपलब्ध कराई गई है। इसके अलावा भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए 3,000 वाहनों की पार्किंग क्षमता भी विकसित की जा रही है।
इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने कहा कि वर्ष 2014 की तुलना में जोधपुर में यात्रियों और विमान परिचालन में 10 गुना से अधिक वृद्धि हुई है। वर्तमान में समर सीजन में 9 और विंटर सीजन में 17 उड़ानों का संचालन हो रहा है। आगामी विंटर सीजन में इसे बढ़ाकर 20 से 22 उड़ानों तक पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया है।
उन्होंने बताया कि जोधपुर एयरपोर्ट एयरफोर्स का संवेदनशील फॉरवर्ड बेस होने के कारण फिलहाल रात 10 बजे तक संचालन की दिशा में प्रयास किए जा रहे हैं।
नई टर्मिनल बिल्डिंग से यात्रा करने वाली पहली यात्री सौम्या ने एयरपोर्ट के पारंपरिक और आधुनिक वास्तुशिल्प की सराहना करते हुए कहा कि नया टर्मिनल विश्वस्तरीय सुविधाओं से युक्त है तथा यहां का सहयोगी स्टाफ यात्रियों को बेहतर अनुभव प्रदान कर रहा है।
