लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
पादूकला। डिजिटल युग में बढ़ते साइबर अपराधों को देखते हुए जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, मेड़ता के निर्देशानुसार मेड़ता न्याय क्षेत्र के राजकीय बालिका उच्च प्राथमिक विद्यालय, पादूखुर्द में विधिक जागरूकता शिविर आयोजित किया गया।
शिविर में अधिकार मित्र (पैरा लीगल वॉलेंटियर) जुगल सिंह सोलंकी ने छात्राओं को साइबर अपराधों से बचाव के व्यावहारिक उपाय बताए। उन्होंने कहा कि ऑनलाइन ठगी, फर्जी कॉल, ओटीपी धोखाधड़ी, सोशल मीडिया हैकिंग, यूपीआई फ्रॉड, गेमिंग ऐप और फर्जी लिंक के माध्यम से ठगी के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं।
उन्होंने छात्राओं को सख्त सलाह दी कि किसी भी अनजान व्यक्ति को ओटीपी, पासवर्ड, एटीएम या बैंक संबंधी जानकारी साझा न करें। मोबाइल और सोशल मीडिया का सावधानीपूर्वक उपयोग करें। यदि कोई साइबर अपराध का शिकार होता है तो तुरंत राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 पर कॉल कर ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराएं, ताकि समय रहते धनराशि रोकी जा सके।
शिविर में मजबूत पासवर्ड, टू-फैक्टर ऑथेंटिकेशन, संदिग्ध लिंक से दूरी और अज्ञात ऐप डाउनलोड न करने जैसे सुरक्षा उपायों पर विशेष जोर दिया गया।
इस अवसर पर प्रधानाध्यापक आशाराम पारासरिया सहित विद्यालय स्टाफ उपस्थित रहा।
