लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
नागौर/जयपुर (प्रदीप कुमार डागा)। नागौर सांसद हनुमान बेनीवाल के लगातार प्रयासों के बाद नागौर की विशिष्ट कृषि उपज नागौरी पान मेथी को भौगोलिक संकेतक (GI Tag) दिलाने की प्रक्रिया अंतिम चरण में पहुंच गई है।
केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने सांसद को पत्र भेजकर इस बाबत जानकारी दी। मंत्रालय से प्राप्त विवरण के अनुसार, नागौरी पान मेथी के GI पंजीकरण के लिए आवेदन 13 अगस्त 2024 को किया गया था। प्रारंभिक परीक्षण के दौरान पाए गए कमियों को दूर करने के निर्देश दिए गए, जिनका समाधान आवेदक द्वारा आंशिक रूप से प्रस्तुत किया जा चुका है।
इसके बाद 6 फरवरी 2026 को अहमदाबाद में परामर्शदात्री समूह की बैठक में आवेदन का मूल्यांकन किया गया। समिति की अनुशंसा के आधार पर अनुपालन रिपोर्ट जारी की जाएगी और सभी औपचारिकताएं पूरी होने पर आवेदन GI जर्नल में प्रकाशित किया जाएगा।
सांसद हनुमान बेनीवाल ने कहा कि GI टैग मिलने से क्षेत्र के किसानों को उनकी विशिष्ट उपज का उचित मूल्य मिलेगा, ब्रांड पहचान मजबूत होगी और निर्यात एवं बाजार के नए अवसर खुलेंगे। यह कदम नागौर जिले की कृषि अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने में भी मदद करेगा। सांसद ने भरोसा जताया कि वे स्थानीय उत्पादों के संरक्षण और प्रोत्साहन के लिए निरंतर प्रयासरत रहेंगे।
