लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
जयपुर। पशुपालन मंत्री जोराराम कुमावत ने विधानसभा में बताया कि मुख्यमंत्री मंगला पशु बीमा योजना के तहत वर्ष 2024-25 और 2025-26 में 42 लाख पशुओं के बीमा का लक्ष्य रखा गया था। अब तक 16 लाख 24 हजार 567 पशुओं की पॉलिसी जारी हो चुकी है। इसके अलावा 5 लाख 97 हजार 202 आवेदन प्रक्रियाधीन हैं और 5 लाख 31 हजार 887 पशुओं का बीमा विभिन्न कारणों से निरस्त हुआ।
मंत्री ने कहा कि बीमित पशुओं में अब तक 31,448 की मृत्यु हुई, जिनमें 6,984 पशुपालकों को 13.69 करोड़ रुपये का क्लेम दिया गया। विशेष रूप से बाड़मेर और बालोतरा में 90,333 पशुओं का बीमा हो चुका है और 49.39 लाख रुपये के क्लेम का भुगतान किया गया।
कुमावत ने पूर्ववर्ती सरकार की तुलना करते हुए कहा कि 2023-24 में केवल 1,064 पशुओं का बीमा किया गया था और 23 क्लेम ही दिए गए। वर्तमान सरकार ने योजना को अधिक सुलभ और व्यापक बनाकर अधिक पशुपालकों को लाभान्वित किया है।
उन्होंने बताया कि योजना में ऊंटपालकों के लिए भी दायरा बढ़ाया गया है और वित्तीय वर्ष 2025-26 में 42 लाख पशुओं का बीमा किया जाएगा। वर्तमान में 12 लाख 21 हजार 207 पशुपालकों के 10 लाख 42 हजार 401 पशुओं का बीमा पूरा हो चुका है, जबकि शेष आवेदन प्रक्रियाधीन हैं।
