लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
भरतपुर | विशेष संवाददाता
संभागीय आयुक्त व जिला कलेक्टर ने सुनी समस्याएं
भरतपुर। राज्य सरकार के निर्देशानुसार जिले में चल रही त्रिस्तरीय जनसुनवाई व्यवस्था के तहत गुरुवार को ग्राम पंचायत अटारी (मुख्यमंत्री का पैतृक गांव) में पंचायत स्तरीय जनसुनवाई का आयोजन किया गया। इस मौके पर जिला कलेक्टर कमर चौधरी को ग्रामीणों ने अपनी समस्याओं से अवगत कराया और समाधान की मांग की।
जनसुनवाई के दौरान अधिकारियों ने ग्रामीणों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। संभागीय आयुक्त श्रीमती टीना सोनी ने भी कार्यक्रम में शिरकत की और ग्रामीणों के परिवादों का निस्तारण किया।
इसके बाद उन्होंने ग्राम पंचायत अटारी स्थित राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय का निरीक्षण किया और बरसात के मौसम के कारण भवनों की मरम्मत स्थिति का जायजा लिया। साथ ही प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र अटारी में पहुंचकर स्वास्थ्य सुविधाओं की समीक्षा की और नव-निर्माण कार्य को लेकर फीडबैक लिया।
इस अवसर पर जिला कलेक्टर कमर चौधरी, जिला परिषद सीईओ मृदुल सिंह, आईएएस भानु शर्मा, उपखंड अधिकारी गंगाधर मीणा सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।