लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
दूधिया रोशनी में खेले गए रोमांचक फाइनल में दिखा जबरदस्त जोश, मनोज लढा बने मैन ऑफ द मैच
भीलवाड़ा। (पंकज पोरवाल) माहेश्वरी प्रोफेशनल फोरम के तत्वावधान में आयोजित तीन दिवसीय माहेश्वरी प्रोफेशनल क्रिकेट लीग–2026 (सीजन 4) का समापन भव्य एवं उत्साहपूर्ण माहौल में हुआ। फाइनल मुकाबले में एसएन वॉरियर्स ने शानदार प्रदर्शन करते हुए खिताब अपने नाम किया।
कोऑर्डिनेटर नरेश जागेटिया एवं दिनेश आगल ने बताया कि फाइनल मैच शारदा सुपरकिंग्स रॉयल्स और एसएन वॉरियर्स के बीच महावीर स्कूल ग्राउंड पर दूधिया रोशनी में खेला गया। शारदा सुपरकिंग्स ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 15 ओवर में 111 रन का लक्ष्य रखा। जवाब में एसएन वॉरियर्स ने मात्र 12 ओवर में 9 विकेट से जीत दर्ज कर ट्रॉफी पर कब्जा जमाया।
मनोज लढा का शानदार प्रदर्शन
फाइनल मुकाबले में मनोज लढा ने निर्णायक छक्का लगाकर टीम को जीत दिलाई और उन्हें मैन ऑफ द मैच घोषित किया गया। मैच के दौरान मैदान पर मौजूद दर्शकों और फोरम सदस्यों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला।
माहेश्वरी प्रोफेशनल फोरम के अध्यक्ष सुनील सोमानी एवं मंत्री डॉ. प्रशांत आगाल ने बताया कि खिताबी मुकाबले को लेकर खिलाड़ियों और दर्शकों में विशेष उत्साह रहा।
सेमीफाइनल मुकाबले भी रहे रोमांचक
फाइनल से पूर्व खेले गए पहले सेमीफाइनल में और सत्कार लायंस एवं शारदा सुपरकिंग्स के बीच कांटे की टक्कर हुई, जिसमें शारदा सुपरकिंग्स ने 1 रन से जीत हासिल की। इस मैच में मोहित राठी मैन ऑफ द मैच रहे।
दूसरे सेमीफाइनल में कामधेनु टाइटन्स और एसएन वॉरियर्स के बीच मुकाबला हुआ, जिसमें एसएन वॉरियर्स ने 21 रन से जीत दर्ज की। इस मैच में भी मनोज लढा को मैन ऑफ द मैच चुना गया।
समापन समारोह में विजेता-उपविजेता सम्मानित
संयोजक प्रदीप लाठी ने बताया कि समापन समारोह में प्रदेश अध्यक्ष राधेश्याम चेचानी, महेश सेवा समिति सचिव राजेंद्र कचोलिया, जिला उपाध्यक्ष रामकिशन सोनी, जिला कोषाध्यक्ष सुशील मरोटिया, नगर अध्यक्ष केदार गगरानी, नगर मंत्री संजय जागेटिया सहित अन्य अतिथियों ने विजेता एवं उपविजेता टीमों को ट्रॉफी प्रदान की।
लीग के दौरान उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले रौनक धुत, मोहित राठी एवं हरिओम नुवाल को भी विशेष रूप से पुरस्कृत किया गया।
आयोजन में मिला व्यापक सहयोग
प्रतियोगिता के सफल आयोजन में सीएमए अभिषेक बाहेती और सीए नवनीत तोतला ने कमेंटेटर की भूमिका निभाई। वहीं आयोजन में फोरम के महेश देवपुरा, सोनेश काबरा, सुनील सोनी, सुधा चांडक, निशा सोनी, कनुप्रिया बंग, कल्पना सोमानी, मधु देवपुरा, दीक्षा गटयाणी, साक्षी आगाल, ज्योति लाठी, निखिल बिरला एवं कपिल बाहेती का सराहनीय सहयोग रहा।
