लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
11 सितंबर को 35 वार्डों में मतदान, पुलिस ने असामाजिक तत्वों को दी सख्त चेतावनी
लोसल (सीकर)। (ओम प्रकाश सैनी) आगामी नगरपालिका चुनाव को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और भयमुक्त माहौल में संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। लोसल नगरपालिका के कुल 35 वार्डों में 11 सितंबर को मतदान होना है।
चुनावी सुरक्षा व्यवस्था के तहत लोसल थानाधिकारी संगीता मीणा के नेतृत्व में पुलिस जवानों ने कस्बे के प्रमुख मार्गों पर फ्लैग मार्च निकाला। फ्लैग मार्च के दौरान बड़ी संख्या में पुलिस बल मौजूद रहा।
बिना डर करें मतदान
फ्लैग मार्च के जरिए पुलिस प्रशासन ने आमजन को भरोसा दिलाया कि वे किसी भी तरह के भय, दबाव या डर के बिना स्वतंत्र रूप से अपने मताधिकार का प्रयोग करें। पुलिस की मौजूदगी के जरिए शांतिपूर्ण चुनाव का संदेश भी दिया गया।
थानाधिकारी संगीता मीणा ने स्पष्ट किया कि चुनाव के दौरान शांति व्यवस्था बिगाड़ने, मतदाताओं को डराने-धमकाने या आचार संहिता का उल्लंघन करने वाले असामाजिक तत्वों के खिलाफ पुलिस सख्ती से कार्रवाई करेगी।
पुलिस प्रशासन ने आमजन से शांतिपूर्ण तरीके से मतदान में भाग लेने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की है।