Home crime लाडवा में बड़ी चोरी: 45 तोला सोना और 100 तोला चांदी पार

लाडवा में बड़ी चोरी: 45 तोला सोना और 100 तोला चांदी पार

0

लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क

रियांबड़ी (नागौर)। जिले के जसनगर थाना क्षेत्र के लाडवा गांव में एक बड़ी चोरी की वारदात सामने आई है। अज्ञात बदमाश बंद पड़े मकान को निशाना बनाकर करीब 45-46 तोला सोना और 100 तोला चांदी के आभूषण चुरा ले गए। वारदात के समय परिवार जोधपुर में था, जबकि घर पर केवल बुजुर्ग मां मौजूद थीं।

CCTV में कैद हुए तीन संदिग्ध

घर में लगे 6 में से 4 CCTV कैमरों में तीन संदिग्ध बदमाशों की फुटेज सामने आई है, जिससे पुलिस को जांच में अहम सुराग मिले हैं। पुलिस अब फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान में जुटी है।

शादी के बाद घर में रखे थे गहने

पीड़ित राजाराम पुत्र आशूराम ने बताया कि 19 फरवरी को बेटे की शादी के बाद घर में बड़ी मात्रा में गहने रखे हुए थे। बदमाशों ने इसी का फायदा उठाते हुए वार्डरोब तोड़कर सभी कीमती आभूषण समेट लिए।

ऐसे दिया वारदात को अंजाम

बदमाशों ने पहले घर की रेकी की और मौका पाकर मुख्य दरवाजे से अंदर घुस गए। इसके बाद उन्होंने सभी कमरों को खंगाला और ऊपर के कमरे में रखे वार्डरोब को तोड़कर सोने-चांदी के गहने चोरी कर लिए। घर में सामान बिखरा मिला, जिससे साफ है कि उन्होंने आराम से पूरी तलाशी ली।

लाखों के आभूषण चोरी

चोरी में पत्नी, बहू, बेटे सहित परिवार के सभी सदस्यों के गहने शामिल हैं। करीब 45-46 तोला सोना और 100 तोला चांदी के अलावा अन्य सामान भी गायब बताया गया है।

पुलिस जांच में जुटी

घटना की सूचना मिलते ही जसनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी। पुलिस का मानना है कि वारदात में किसी जानकार या स्थानीय गिरोह का हाथ हो सकता है। आसपास के क्षेत्रों में भी पूछताछ की जा रही है।

पुलिस को उम्मीद है कि CCTV फुटेज के आधार पर जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version