लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
राजसमंद | गौतम शर्मा
राजसमंद | राजसमंद के कुंवारिया फायरिंग बट पर पुलिसकर्मियों को पिस्टल से सटीक निशाना साधने का विशेष प्रशिक्षण दिया गया। बट इंचार्ज कानसिंह ने बताया कि इस अभ्यास सत्र में हथियार संचालन, सुरक्षा नियमों और लक्ष्य पर सही पकड़ बनाने की बारीकियों को विस्तार से समझाया गया।
प्रशिक्षण में पुलिसकर्मियों को पिस्टल फायरिंग के दौरान सही ग्रिप, संतुलित बॉडी पॉश्चर, आंख और निशाने की सीध, ट्रिगर कंट्रोल और सांस लेने की तकनीक पर विशेष ध्यान देने की सलाह दी गई। प्रशिक्षकों ने समझाया कि जल्दबाजी में फायर करने के बजाय शांत चित्त होकर निशाना साधना सटीकता बढ़ाता है।
अधिकारियों ने पुलिसकर्मियों को हथियारों की नियमित सफाई, फायरिंग से पहले और बाद में सुरक्षा जांच, और फायरिंग बट के नियमों का पालन करने के निर्देश दिए। अभ्यास के दौरान अलग-अलग दूरी पर टारगेट लगाकर पुलिसकर्मियों ने निशाने साधे।
अधिकारियों ने कहा कि नियमित फायरिंग अभ्यास से न केवल आत्मविश्वास बढ़ता है, बल्कि आपात परिस्थितियों में अपराधियों से प्रभावी ढंग से निपटने की क्षमता भी मजबूत होती है।
इस अवसर पर एएसआई आमेट थाने के उदयलाल गुर्जर, लाला राम सालवी, बाबूलाल, कोत कमांडर सेमुयल मशीह, आर मोर, मदनलाल अलोडिया, चारभुजा थाने के कालू राम मीणा, हेड कांस्टेबल मधु सूदन, पीयूष पालीवाल, नरेंद्र सिंह सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे।
