लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
राजसमंद (गौतम शर्मा)। महावीर जन्म कल्याण महोत्सव के अवसर पर कुंवारिया सहित आसपास के क्षेत्रों में सकल जैन समाज द्वारा मंगलवार को भव्य जुलूस निकाला गया। जुलूस में महिला, पुरुष और बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए पूरे क्षेत्र को भक्तिमय बना दिया।
एमआई अध्यक्ष बलवंत ओस्तवाल ने बताया कि जुलूस जैन स्थानक मंदिर से गाजे-बाजे के साथ रवाना हुआ। जुलूस के अग्रभाग में श्रावक जैन ध्वज लेकर भगवान महावीर स्वामी के जयकारे लगाते हुए चल रहे थे, जबकि पांच सजे-धजे अश्व आकर्षण का केंद्र रहे।
आकर्षक झांकियां और पुष्प वर्षा से स्वागत
जुलूस में भगवान महावीर की सुंदर झांकी सजाई गई, जिसमें उनकी प्रतिमा विराजमान थी। मार्ग में जगह-जगह ग्रामीणों ने पुष्प वर्षा कर जुलूस का भव्य स्वागत किया।
जुलूस जैन स्थानक मंदिर से रवाना होकर रावली पोल, महावीर मार्केट, नीलकंठ चौराहा, मुख्य सदर बाजार, दरवाजा मोहल्ला और चारभुजा मंदिर मार्ग होते हुए पुनः मंदिर पहुंचा।
आरती और महाप्रसाद के साथ समापन
जुलूस के समापन पर मंदिर परिसर में विशेष आरती कर महाप्रसाद वितरित किया गया। सुरक्षा व्यवस्था के तहत पुलिस जाप्ता भी तैनात रहा।
इस अवसर पर समाज के वरिष्ठ अध्यक्ष कनकमल ओस्तवाल, मंत्री प्रकाश पीपाड़ा, बलवंत ओस्तवाल, ललित कच्छारा सहित बड़ी संख्या में समाजजन उपस्थित रहे।
