लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
राजसमंद (गौतम शर्मा)। राजसमंद जिले के कुंवारिया कस्बे स्थित उच्च माध्यमिक विद्यालय में शुक्रवार को कक्षा 12वीं बोर्ड की अंग्रेजी विषय की परीक्षा शांतिपूर्ण वातावरण में आयोजित हुई। परीक्षार्थी निर्धारित समय पर प्रवेश-पत्र लेकर केंद्र पहुंचे और रोल नंबर अनुसार अपनी-अपनी सीटों पर बैठे।
केंद्राध्यक्ष राकेश चपलोत ने बताया कि विद्यालय में 8 कमरों में परीक्षा की व्यवस्था की गई थी। पीपली अहिरान, फियावड़ी, कुंवारिया तथा महात्मा गांधी स्कूल कुंवारिया के कुल 172 पंजीकृत विद्यार्थियों में से 168 छात्र-छात्राएं परीक्षा में सम्मिलित हुए। प्रश्नपत्र सरल एवं संतुलित रहा, जिसे विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक हल किया।
इसी प्रकार गलवा केंद्र पर 4 कमरों में परीक्षा आयोजित की गई। यहां 92 पंजीकृत विद्यार्थियों में से 89 छात्र-छात्राएं परीक्षा में शामिल हुए। परीक्षा में जोर लोढ़ीयाना, गलवा और मुरड़ा स्कूल के विद्यार्थी सम्मिलित हुए।
परीक्षा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था भी चाक-चौबंद रही। कुंवारिया थाना अधिकारी सीआई रामचन्द्र कुंमावत के नेतृत्व में पुलिस दल ने केंद्र का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा आवश्यक निर्देश दिए।
दोनों ही केंद्रों पर परीक्षा शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से सम्पन्न हुई।
