लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
श्रीगंगानगर | मनजीत सिंह
श्रीगंगानगर जिले में 13 वर्षीय बच्ची से दुष्कर्म के चर्चित मामले को लेकर सोशल मीडिया पर एक फर्जी वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने लोगों से अफवाहों से बचने और बिना सत्यापन किसी भी वीडियो को साझा नहीं करने की अपील की है।
पीड़िता सुरक्षित, वायरल वीडियो फर्जी
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि दुष्कर्म पीड़ित नाबालिग अपने परिजनों के साथ पूरी तरह सुरक्षित है। सोशल मीडिया पर वायरल किया जा रहा वीडियो इस मामले से संबंधित नहीं है और पूरी तरह भ्रामक है।
बिना सत्यापन वीडियो साझा न करें
श्रीगंगानगर के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक दीपक ने कहा कि किसी भी वीडियो को श्रीगंगानगर की घटना बताकर बिना जांच-पड़ताल के सोशल मीडिया पर प्रसारित करना गलत है। उन्होंने लोगों से अपील की कि फेक वीडियो पर ध्यान न दें और न ही उसे आगे फॉरवर्ड करें।
पहचान उजागर करना भी अपराध
एएसपी दीपक ने कहा कि किसी भी दुष्कर्म पीड़िता की पहचान उजागर करना कानूनन अपराध है। इसके अलावा फर्जी वीडियो बनाना या वायरल करना भी दंडनीय है। ऐसे मामलों में सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम और अन्य प्रासंगिक कानूनी धाराओं के तहत कार्रवाई की जाएगी।
फेक वीडियो फैलाने वालों पर होगी कार्रवाई
पुलिस ने चेतावनी दी है कि सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने या फर्जी वीडियो साझा करने वाले लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर लगातार निगरानी रख रही है।
पुलिस ने आमजन से अपील की है कि केवल आधिकारिक और सत्यापित जानकारी पर ही भरोसा करें तथा किसी भी भ्रामक सामग्री को साझा करने से बचें। मामले की जांच जारी है और दोषियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
