लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
जवानों को सद्व्यवहार और सख्त पुलिसिंग के दिए निर्देश
स्थानीय संवाददाता-ओमप्रकाश चौधरी।
पीसांगन । स्थानीय संवाददाता ओमप्रकाश चौधरी के अनुसार जिला पुलिस अधीक्षक हर्षवर्धन अग्रवाला ने पीसांगन उपखंड के अंतर्गत मांगलियावास थाने का अवलोकन किया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने थानाधिकारी हरीश चौधरी सहित पुलिस जवानों को बेहतर पुलिसिंग के निर्देश दिए। उन्होंने थाने में बने स्वागत कक्ष, सौंदर्यीकरण और हरियाली की भी सराहना की।
विभिन्न व्यवस्थाओं का लिया जायजा
जिला पुलिस अधीक्षक ने थाने में अपराध रजिस्टर, यातायात व्यवस्था, अवैध खनन मामलों, शांति समिति सहित विभिन्न कार्यों की जानकारी ली। इसके साथ ही उन्होंने मैस, मालखाना, हवालात, बैरक और पूरे थाना परिसर का बारीकी से निरीक्षण किया।
पुलिस कर्मियों को अनुशासन और सेवा भावना का संदेश
एसपी हर्षवर्धन अग्रवाला ने पुलिस कर्मियों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि किसी भी प्रकार का दुर्व्यवहार, शराब सेवन, गैरहाजिरी या उच्चाधिकारियों के आदेशों की अवहेलना बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उन्होंने जवानों को आमजन के अधिकारों की रक्षा और अपराधियों पर सख्त कार्रवाई को प्राथमिक कर्तव्य बताया।
बेटियों की सुरक्षा पर विशेष जोर
एसपी ने बढ़ते महिला अपराधों को गंभीरता से लेते हुए बेटियों की सुरक्षा और संरक्षण को प्राथमिकता देने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि कानून तोड़ने वालों के खिलाफ सख्ती से कार्रवाई की जानी चाहिए, चाहे वह कितना भी प्रभावशाली क्यों न हो।
निरीक्षण के दौरान थानाधिकारी हरीश चौधरी सहित कई पुलिस अधिकारी एवं जवान मौजूद रहे।