Home latest जैन समाज ने संत सुरक्षा और निष्पक्ष जांच की मांग को लेकर...

जैन समाज ने संत सुरक्षा और निष्पक्ष जांच की मांग को लेकर सौंपा ज्ञापन

0

लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क

संतों को न्याय दिलाने की मांग को लेकर निकाला मौन जुलूस

रिपोर्टर – मनीष पारीक

नावा सिटी । सकल दिगंबर जैन समाज द्वारा विहाररत जैन साधु-संतों की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने तथा हाल ही में पूज्य आर्यिका माताजी दुर्घटना प्रकरण की निष्पक्ष उच्चस्तरीय जांच की मांग को लेकर सोमवार को मौन जुलूस निकाला गया।

जैन समाज के महिला-पुरुष सदस्य शहर के पिपली बाजार स्थित जैन मंदिर से “संतों को न्याय मिले” लिखी तख्तियां लेकर पैदल मौन जुलूस के रूप में उपखंड कार्यालय पहुंचे, जहां उपखंड अधिकारी को मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा गया।

ज्ञापन की प्रतिलिपि जिला कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक, गृह मंत्री एवं भारत सरकार को भी प्रेषित की गई।

निष्पक्ष जांच की उठाई मांग

ज्ञापन में समाज ने हाल ही में विहाररत पूज्य आर्यिका माताजी के असामयिक निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया। समाज का कहना है कि यह घटना केवल सामान्य सड़क दुर्घटना प्रतीत नहीं होती और उपलब्ध वीडियो क्लिपों व परिस्थितियों के आधार पर लोगों में आशंका और चिंता का माहौल बना हुआ है।

जैन समाज ने मामले की निष्पक्ष, पारदर्शी एवं उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग की।

SIT या न्यायिक जांच की मांग

समाज ने मांग की कि प्रकरण की एसआईटी अथवा न्यायिक जांच करवाई जाए। साथ ही सीसीटीवी फुटेज एवं अन्य डिजिटल साक्ष्यों को सुरक्षित रखा जाए और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

संत सुरक्षा प्रोटोकॉल लागू करने की मांग

ज्ञापन में विहाररत संतों की सुरक्षा के लिए “संत सुरक्षा प्रोटोकॉल” लागू करने की मांग भी की गई। समाज ने संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस सहयोग, ट्रैफिक नियंत्रण और विशेष सुरक्षा व्यवस्था उपलब्ध कराने की आवश्यकता जताई।

इसके अलावा भारत सरकार से पैदल विहार करने वाले संतों के लिए राष्ट्रीय स्तर पर “संत सुरक्षा नीति” बनाने तथा प्रशासन और समाज के बीच समन्वय तंत्र विकसित करने की मांग भी रखी गई।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version