Home latest जय बजरंगबली क्रिकेट प्रतियोगिता का भव्य आगाज 

जय बजरंगबली क्रिकेट प्रतियोगिता का भव्य आगाज 

0

लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क

 लसाड़िया ने रोमांचक मुकाबले में मुई को 1 विकेट से हराया

उनियारा (निर्मल गुप्ता)। ग्रामीण प्रतिभाओं को खेल का मंच प्रदान करने और युवाओं में खेल भावना को बढ़ावा देने के उद्देश्य से गफूरपुरा गांव के खेल मैदान में बुधवार को जय बजरंगबली क्रिकेट प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ हुआ। उद्घाटन समारोह में बड़ी संख्या में ग्रामीण, खेल प्रेमी और युवा उपस्थित रहे, जिससे मैदान में उत्साहपूर्ण माहौल देखने को मिला।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पूर्व पंचायत समिति सदस्य हनुमान मीणा और वरिष्ठ कांग्रेस नेता मोजीराम मीणा रहे। विशिष्ट अतिथियों में सरपंच महेंद्र प्रताप मीणा, दीपराज सैनी तथा बहादुर मीणा कल्याणपुरा शामिल रहे। आयोजन समिति ने सभी अतिथियों का तिलक, साफा एवं पुष्पमालाओं से स्वागत किया।

इसके बाद अतिथियों ने फीता काटकर प्रतियोगिता का शुभारंभ किया तथा पिच पर पहुंचकर बल्लेबाजी और गेंदबाजी कर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। मैच शुरू होने से पहले दोनों टीमों के खिलाड़ियों एवं कप्तानों का सम्मान भी किया गया।

प्रतियोगिता का उद्घाटन मुकाबला लसाड़िया और मुई गांव की टीमों के बीच खेला गया। टॉस जीतकर लसाड़िया ने पहले गेंदबाजी का फैसला किया। पहले बल्लेबाजी करते हुए मुई की टीम ने निर्धारित 12 ओवर में 4 विकेट खोकर 63 रन बनाए और 64 रन का लक्ष्य रखा।

लक्ष्य का पीछा करने उतरी लसाड़िया टीम ने संघर्षपूर्ण प्रदर्शन करते हुए अंतिम ओवर तक चले रोमांचक मुकाबले में एक विकेट शेष रहते जीत दर्ज कर ली। मैच के आखिरी क्षणों तक दर्शकों की सांसें थमी रहीं और जीत के बाद खिलाड़ियों व समर्थकों में खुशी की लहर दौड़ गई।

लसाड़िया की जीत में हनुमान मीणा फौजी ने अहम भूमिका निभाई। उन्होंने शानदार गेंदबाजी करते हुए 3 महत्वपूर्ण विकेट लिए और बल्लेबाजी में 14 रन बनाकर टीम को जीत दिलाने में योगदान दिया। उनके बेहतरीन ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए उन्हें “मैन ऑफ द मैच” चुना गया।

आयोजन समिति के अनुसार प्रतियोगिता की विजेता टीम को 31 हजार रुपये नकद एवं आकर्षक ट्रॉफी, जबकि उपविजेता टीम को 21 हजार रुपये नकद और ट्रॉफी प्रदान की जाएगी। प्रतियोगिता में क्षेत्र की विभिन्न टीमें भाग ले रही हैं और पंजीकरण प्रक्रिया जारी है।

उद्घाटन अवसर पर आयोजन समिति के सदस्य, जनप्रतिनिधि, खेल प्रेमी और सैकड़ों दर्शक मौजूद रहे। पूरे दिन मैदान में खेल के प्रति उत्साह और जोश का माहौल बना रहा।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version