लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
जिला कलक्टर ने खिलाड़ियों से मिलकर बढ़ाया उत्साह
राजसमंद।
गौतम शर्मा
राजसमंद। अजमेर विद्युत वितरण निगम लिमिटेड (एवीवीएनएल) की निगम स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता का राजसमंद में भव्य एवं उत्साहपूर्ण शुभारंभ हुआ। इस अवसर पर जिला कलक्टर अरुण कुमार हसीजा ने मुख्य अतिथि के रूप में भाग लेकर खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाया।
जिला कलक्टर हसीजा ने खेल मैदान में पहुंचकर सभी खिलाड़ियों से व्यक्तिगत रूप से हाथ मिलाकर उनका उत्साहवर्धन किया और उन्हें खेल भावना, अनुशासन एवं टीम वर्क के साथ प्रतियोगिता में भाग लेने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि खेल केवल शारीरिक स्वास्थ्य के लिए ही नहीं, बल्कि मानसिक मजबूती, अनुशासन और सकारात्मक सोच विकसित करने में भी अहम भूमिका निभाते हैं।
उन्होंने ऐसे आयोजनों को कर्मचारियों में आपसी समन्वय, ऊर्जा और कार्यक्षमता बढ़ाने वाला बताते हुए निरंतर आयोजित किए जाने की आवश्यकता पर जोर दिया।
इस अवसर पर जिला खेल अधिकारी धर्मदेव सिंह, नाथद्वारा आयुक्त सौरभ जिंदल, एवीवीएनएल के वरिष्ठ अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। प्रतियोगिता में निगम के खिलाड़ियों ने विभिन्न खेलों में उत्साहपूर्वक भाग लिया, जिससे आयोजन स्थल पर खेल भावना और प्रतिस्पर्धा का जीवंत माहौल देखने को मिला।
आयोजन के दौरान अधिकारियों ने खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के लिए भविष्य में भी ऐसे आयोजनों को जारी रखने की प्रतिबद्धता जताई।
