लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
नीट अभ्यर्थियों की आत्महत्या पर जताया दुख, पेपर लीक को बताया युवाओं की निराशा का बड़ा कारण
नागौर/जयपुर। (प्रदीप कुमार डागा) राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं नागौर सांसद हनुमान बेनीवाल ने नीट परीक्षा की तैयारी कर रहे छात्रों द्वारा आत्महत्या किए जाने की घटनाओं पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए केंद्र और राज्य सरकारों पर गंभीर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि सरकारें छात्रों के विश्वास और भविष्य की रक्षा करने में विफल साबित हो रही हैं।
बेनीवाल ने कहा कि नवलगढ़ के कारी गांव निवासी नीट अभ्यर्थी उमेश द्वारा सीकर में आत्महत्या करने का मामला बेहद दुखद है। इससे पहले गुढ़ागौड़जी क्षेत्र के छात्र प्रदीप मेघवाल सहित देश के विभिन्न राज्यों में भी नीट परीक्षा से जुड़े कई छात्रों द्वारा आत्महत्या की घटनाएं सामने आ चुकी हैं।
उन्होंने कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं के पेपर लीक, परीक्षा प्रक्रिया पर लगातार उठ रहे सवाल और बार-बार सामने आने वाली अनियमितताओं ने लाखों मेहनती विद्यार्थियों के मन में असुरक्षा और निराशा का माहौल पैदा कर दिया है। जब छात्र वर्षों तक कड़ी मेहनत करते हैं और बाद में परीक्षा की पारदर्शिता पर ही सवाल खड़े हो जाते हैं, तो इसका गंभीर मानसिक प्रभाव पड़ता है।
परिजनों से की बात, जताई संवेदना
सांसद बेनीवाल ने वीडियो कॉल के माध्यम से दिवंगत छात्र उमेश के परिजनों से बातचीत कर शोक संवेदनाएं व्यक्त कीं। उन्होंने कहा कि एक प्रतिभाशाली युवा का इस तरह असमय दुनिया से चले जाना पूरे समाज के लिए बड़ी क्षति है।
उन्होंने कहा कि यह केवल एक परिवार का दुख नहीं, बल्कि उस व्यवस्था पर सवाल है जो पेपर लीक जैसी घटनाओं को रोकने में बार-बार विफल रही है। युवाओं का भविष्य सुरक्षित करना सरकार की जिम्मेदारी है।
बेनीवाल ने मांग की कि परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता, जवाबदेही और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि अब केवल संवेदनाएं व्यक्त करने से काम नहीं चलेगा, बल्कि जिम्मेदार लोगों की जवाबदेही भी तय करनी होगी।
