लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
सात लोग झुलसे, गंभीर हालत में भरतपुर रेफर
कामां | संवाददाता हरिओम मीणा
भरतपुर जिले के कामां कस्बे में निर्माणाधीन नए बस स्टैंड के सामने स्थित एक कार डेंटिंग-पेंटिंग रिपेयरिंग गैराज में अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी भयावह थी कि गैराज में खड़ी कारों में लगे सिलेंडरों में एक के बाद एक धमाके होने लगे, जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन, दमकल विभाग और एंबुलेंस मौके पर पहुंच गई। दमकल कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाने का प्रयास शुरू किया। आग की चपेट में आने से सात लोग झुलस गए, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत में भरतपुर रेफर किया गया है। 
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार धमाकों की आवाज काफी दूर तक सुनाई दी, जिससे आसपास के लोग दहशत में आ गए। आग लगने के बाद मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई।
फिलहाल आग लगने के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल सका है। पुलिस प्रशासन मामले की जांच में जुटा हुआ है तथा नुकसान का आकलन किया जा रहा है।