लोक टुडे न्युज़ नेटवर्क
उनियारा (सत्यप्रकाश मयंक)। शहर में बुधवार को जैन समाज द्वारा महावीर स्वामी का 2552वां मोक्ष कल्याणक बड़े श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया। मुख्य कार्यक्रम श्री दिगम्बर जैन सुखोदय अतिशय तीर्थ क्षेत्र सुथड़ा में आयोजित हुआ, जहां बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।
प्रबंध कमेटी अध्यक्ष महावीर प्रसाद पराणा और निर्माण मंत्री गजानंद बड़जात्या ने बताया कि भगवान महावीर जैन धर्म के 24वें तीर्थंकर थे। 30 वर्ष की आयु में उन्होंने सांसारिक जीवन त्यागकर सत्य की खोज में तपस्या आरंभ की। 12 वर्षों की कठोर तपस्या के बाद उन्हें कैवल्य ज्ञान प्राप्त हुआ और उन्होंने 72 वर्ष की आयु में पावापुरी में निर्वाण प्राप्त किया।
शास्त्री प्रिंस जैन देवांश ने मंगलाष्टक के साथ नित्य अभिषेक और शांति धारा करवाई। इसके बाद मूलनायक शांतिधारा, देव शास्त्र पूजा, चौबीस भगवान की मूलनायक पूजा और महावीर स्वामी के मोक्ष कल्याणक का महोत्सव मनाया गया।
भक्तामर संयोजक हुकुमचंद शहरवाले और नरेंद्र जैन बनेठा ने बताया कि भक्तामर दीपार्चना साढ़े 7 बजे की गई। वहीं, शहर के गढ़ रोड स्थित श्री शीतलनाथ दिगम्बर जैन मंदिर में भी जैन समाज द्वारा श्रद्धा और भक्ति से मोक्ष कल्याणक मनाया गया।
मंदिरों में दिनभर भक्ति, पूजन और धार्मिक आयोजनों का सिलसिला चलता रहा।
