लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने वर्चुअली किया उद्घाटन, प्रभारी मंत्री ने किया पट्टिका अनावरण
बाड़मेर: बाड़मेर में भारतीय जनता पार्टी के जिला कार्यालय के नए भवन का सोमवार को भव्य लोकार्पण किया गया। कार्यक्रम में राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा तथा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ ने वर्चुअल माध्यम से कार्यालय का उद्घाटन किया।
लोकार्पण से पूर्व कार्यालय परिसर में हवन का आयोजन किया गया, जिसमें भाजपा जिला अध्यक्ष अनंतराम विश्नोई एवं उनकी पत्नी ने आहुतियां दीं।
प्रभारी मंत्री ने किया पट्टिका अनावरण
कार्यक्रम में जिला प्रभारी मंत्री एवं पशुपालन, गोपालन, डेयरी व देवस्थान विभाग के कैबिनेट मंत्री जोराराम कुमावत भी उपस्थित रहे। उन्होंने अन्य अतिथियों के साथ लोकार्पण पट्टिका का अनावरण किया।
अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि यह नया कार्यालय भविष्य में संगठन को मजबूत करने और नई पीढ़ी के कार्यकर्ताओं को तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि वे जब भी बाड़मेर आएंगे, तो यहां एक घंटे जनसुनवाई कर कार्यकर्ताओं की समस्याएं सुनेंगे।

सुंदरकांड व सम्मान समारोह भी आयोजित
इससे पूर्व रविवार रात को जिला कार्यालय में सुंदरकांड का आयोजन किया गया, जिसमें लोकतंत्र सेनानियों का श्रीफल और दुपट्टा ओढ़ाकर सम्मान किया गया।
कई नेता व कार्यकर्ता रहे मौजूद
लोकार्पण समारोह में चौहटन विधायक आदूराम मेघवाल, पूर्व सांसद मानवेंद्र सिंह, बायतू से भाजपा प्रत्याशी बालाराम मूंड, जिला महामंत्री देवीलाल कुमावत, चनणाराम बेरड़, महावीर चूरी, भाजपा नेता स्वरूप सिंह खारा, दीपक कड़वासरा, जिला उपाध्यक्ष रमेशचंद्र शर्मा, रमेश सिंह इंदा, मनीषा मेघवाल, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य गणपत बांठिया, पूर्व जिलाध्यक्ष दिलीप पालीवाल सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
इस अवसर पर पूरे परिसर में उत्साह और संगठनात्मक ऊर्जा का माहौल देखने को मिला।
