Home crime अवैध मादक पदार्थ तस्करी से अर्जित संपत्ति पर पुलिस का शिकंजा

अवैध मादक पदार्थ तस्करी से अर्जित संपत्ति पर पुलिस का शिकंजा

0

लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क

  37 लाख रुपये की संपत्ति फ्रीज

नागौर/पांचौड़ी (प्रदीप कुमार डागा)। नागौर पुलिस द्वारा चलाए जा रहे “नशा मुक्त नागौर अभियान” के तहत अवैध मादक पदार्थ तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए पांचौड़ी थाना क्षेत्र के आरोपी रामस्वरूप बिश्नोई की कथित रूप से अवैध कमाई से निर्मित संपत्ति को फ्रीज किया गया है।

पुलिस अधीक्षक कार्यालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आशाराम चौधरी के निर्देशन में की गई इस कार्रवाई में गांव चावंडिया स्थित एक आलीशान मकान और एक बड़े हॉल को एनडीपीएस एक्ट की धारा 68-एफ के तहत फ्रीज कराया गया है। फ्रीज की गई संपत्ति की अनुमानित बाजार कीमत लगभग 37 लाख रुपये बताई जा रही है।

पुलिस के अनुसार आरोपी रामस्वरूप बिश्नोई और उसके साथियों के विरुद्ध पूर्व में कार्रवाई करते हुए 51 कट्टों में कुल 801 किलो 600 ग्राम डोडा पोस्त बरामद किया गया था। जांच में सामने आया कि आरोपी लंबे समय से अवैध मादक पदार्थ तस्करी में संलिप्त रहा है और इसी अवैध कमाई से उक्त संपत्ति का निर्माण कराया गया।

पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी ने उक्त मकान और हॉल अपनी माता के नाम पर दर्ज करवा रखे थे। मामले में पांचौड़ी थाना पुलिस द्वारा की गई प्रभावी पैरवी के बाद सक्षम प्राधिकारी, नई दिल्ली ने संपत्ति फ्रीज करने के आदेश की पुष्टि कर दी।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि नशे के कारोबार से अर्जित संपत्तियों के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। अभियान का उद्देश्य न केवल मादक पदार्थों की तस्करी पर अंकुश लगाना है, बल्कि अवैध कारोबार से अर्जित संपत्तियों को भी कानून के दायरे में लाना है।

पांचौड़ी थाना पुलिस की इस कार्रवाई को नशा तस्करों के खिलाफ एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि समाज को नशे के जरिए नुकसान पहुंचाने वाले तत्वों के विरुद्ध भविष्य में भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version