लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
गंगधार, झालावाड़। झालावाड़ जिले के गंगधार क्षेत्र की रोझाना ग्राम पंचायत के करणपुरा गांव से सामने आई तस्वीरें गांव में विकास और बुनियादी सुविधाओं के दावों पर सवाल खड़े कर रही हैं। गांव में आज भी पक्की सड़क और सुरक्षित आवागमन जैसी मूलभूत सुविधाओं का अभाव है।
करणपुरा निवासी लाल सिंह का निधन होने के बाद अंतिम संस्कार के लिए ग्रामीणों को बरसात के बीच करीब 3 से 4 फीट पानी से भरी खाल पार करनी पड़ी। ग्रामीण कंधों पर शव उठाकर जान जोखिम में डालते हुए अंतिम यात्रा पूरी करने को मजबूर हुए।
न सड़क, न पक्का रास्ता, बारिश में बढ़ जाती है परेशानी
ग्रामीणों के अनुसार गांव में लंबे समय से सड़क और रास्ते की समस्या बनी हुई है। बारिश के दिनों में हालात और गंभीर हो जाते हैं। पानी भरने के कारण गांव से बाहर आने-जाने का रास्ता बाधित हो जाता है और ग्रामीणों को परेशानी का सामना करना पड़ता है।
ऐसे में सबसे बड़ा सवाल यह है कि जब किसी ग्रामीण की अंतिम यात्रा तक सुगम नहीं हो पा रही है, तो गांव में विकास और मूलभूत सुविधाओं के दावे कितने हकीकत में हैं?
ग्रामीणों का आरोप है कि सड़क और रास्ते की समस्या को लेकर लंबे समय से मांग की जा रही है, लेकिन अब तक जिम्मेदार अधिकारियों की ओर से कोई ठोस समाधान नहीं किया गया।
पंचायत सचिव बोले- जानकारी लेकर करेंगे कार्रवाई
मामले को लेकर जब ग्राम पंचायत सचिव से बात की गई तो उन्होंने बताया कि उन्हें घटना की जानकारी नहीं है। उन्होंने कहा कि मामले की जानकारी लेकर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
अब देखना होगा कि प्रशासन इस गंभीर समस्या का संज्ञान लेकर करणपुरा गांव के ग्रामीणों को सड़क और सुरक्षित आवागमन की सुविधा कब तक उपलब्ध कराता है।
