Home latest अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर “गृह लक्ष्मी स्वाभिमान अभियान” कार्यक्रम आयोजित

अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर “गृह लक्ष्मी स्वाभिमान अभियान” कार्यक्रम आयोजित

0

लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क

जयपुर। अखिल भारतीय तेरापंथ महिला मंडल के तत्वावधान में तेरापंथ महिला मंडल जयपुर शहर द्वारा अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर शनिवार को मालवीय नगर स्थित अनुविभा केंद्र के महाप्रज्ञ सभागार में “गृह लक्ष्मी स्वाभिमान अभियान” कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम में महिला सशक्तिकरण विषय पर व्यापक चर्चा हुई। इसमें महिला अधिकारों के साथ-साथ उनके अस्तित्व, आत्मसम्मान, आत्मनिर्भरता, निर्णय लेने की क्षमता तथा महिला स्वास्थ्य से जुड़ी सुविधाओं पर भी विचार-विमर्श किया गया। कार्यक्रम में लगभग 40–45 सामाजिक संगठनों और एनजीओ को आमंत्रित किया गया, जिनमें सेवा भारती, आनंद फाउंडेशन, वसुंधरा, सुरमन सहित कई संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने भाग लिया।

सदस्यों को अलग-अलग समूहों में बांटकर चर्चा कराई गई और हर समूह ने “आइडिया टू इंपैक्ट” कार्य योजना तैयार की। इसमें आर्थिक और सामाजिक जागरूकता, बैंकिंग लेनदेन का अधिकार, निर्णय प्रक्रिया में सहभागिता, संपत्ति अधिकार, आर्थिक स्वामित्व, बीमा योजना तथा घरेलू महिलाओं के श्रम के मूल्यांकन जैसे विषयों पर विस्तार से विचार किया गया।

चर्चा के दौरान गृहिणी की भूमिका के महत्व पर विशेष जोर दिया गया। सभी सदस्यों ने संकल्प लिया कि महिलाओं के स्वास्थ्य, खान-पान और विश्राम पर विशेष ध्यान दिया जाए तथा उनके श्रम का उचित आर्थिक मूल्यांकन हो, जिससे परिवार की अर्थव्यवस्था में उनकी भूमिका को मान्यता मिल सके।

कार्यक्रम में विमला दूगड़, कौशल्या जैन, पूर्व पदाधिकारी और कार्यकारिणी सदस्य सहित बड़ी संख्या में महिला मंडल की सदस्याएं उपस्थित रहीं। कार्यक्रम की शुरुआत महिला मंडल की बहनों द्वारा मंगलाचरण प्रस्तुति से हुई। अध्यक्ष कौशल्या जैन ने सभी अतिथियों का स्वागत करते हुए कार्यक्रम की रूपरेखा प्रस्तुत की।

इस अवसर पर उन महिलाओं को “प्रेरणा सम्मान” से सम्मानित किया गया, जिनके परिवारों ने धर्म संघ में अपने स्वजनों को समर्पित कर संघ सेवा में सहयोग दिया है। ललिता बोथरा और संपत देवी कोठारी को विशेष प्रेरणा सम्मान प्रदान किया गया।

कार्यक्रम के दौरान विभिन्न विषयों की पर्चियां बनाकर समूहों से निकलवाई गईं और प्रत्येक समूह के सदस्य ने दो मिनट में अपने विचार प्रस्तुत किए। विचार प्रस्तुत करने वाली महिलाओं को पुरस्कृत भी किया गया।

कार्यक्रम का संयोजन महिला मंडल की सदस्य चंचल दुगड़ और पूजा सिंघी ने किया। सभी बहनों के लिए अल्पाहार की व्यवस्था भी की गई। कार्यक्रम के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित कर “आइडिया टू इंपैक्ट” कार्य योजना की विस्तृत जानकारी दी गई।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version