लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
श्रीगंगानगर पुलिस की बड़ी कार्रवाई
‘ऑपरेशन सीमा संकल्प’ के तहत अनूपगढ़ पुलिस की कार्रवाई, एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज
श्रीगंगानगर | मनजीत सिंह
श्रीगंगानगर जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान ‘ऑपरेशन सीमा संकल्प’ के तहत अनूपगढ़ थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए प्रतिबंधित नशीली दवाओं की बड़ी खेप बरामद की है। पुलिस ने 68,400 प्रेगाबालिन कैप्सूल और टेपेंटाडोल टैबलेट्स जब्त कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।
थाना पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी की पहचान हरिओम शर्मा (21) निवासी शेरूणा थाना क्षेत्र, जिला बीकानेर के रूप में हुई है। आरोपी के कब्जे से भारी मात्रा में नशीली दवाएं बरामद होने के बाद उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।
हिस्ट्रीशीटर निकला आरोपी
प्रारंभिक जांच में सामने आया कि हरिओम शर्मा शेरूणा थाने का हिस्ट्रीशीटर है। उसके खिलाफ पहले से आर्म्स एक्ट, मारपीट, फिरौती मांगने सहित कुल सात आपराधिक मामले दर्ज हैं।
ड्रग इंस्पेक्टर को दी सूचना
पुलिस ने बरामद नशीली दवाओं के संबंध में ड्रग इंस्पेक्टर को सूचना देकर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। मामले में यह भी जांच की जा रही है कि नशीली दवाओं की खेप कहां से लाई गई थी और इसे कहां सप्लाई किया जाना था।
नशा तस्करों पर कार्रवाई रहेगी जारी
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि ‘ऑपरेशन सीमा संकल्प’ के तहत जिले में नशे के कारोबार से जुड़े तस्करों और अपराधियों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। आने वाले दिनों में भी इस तरह की कार्रवाई जारी रहेगी।