लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
गवारडी शिविर में 22 विभागों ने दीं सेवाएं, मौके पर हुआ राजस्व मामलों का निस्तारण
पादूकलां (नागौर) |
राज्य सरकार के ग्रामीण सेवा अभियान के तहत बुधवार को ग्राम पंचायत गवारडी में आयोजित ग्रामीण सेवा शिविर ग्रामीणों के लिए बड़ी राहत साबित हुआ। शिविर में 22 विभागों के अधिकारियों ने एक ही स्थान पर आमजन की समस्याएं सुनकर कई मामलों का मौके पर ही निस्तारण किया। शिविर की अध्यक्षता रियांबड़ी के नायब तहसीलदार प्रेम कुमार ढेबाना ने की।
शिविर में राजस्व, पंचायतीराज, सामाजिक सुरक्षा, कृषि, जलदाय, विद्युत, महिला एवं बाल विकास, परिवहन, वन, पशुपालन, शिक्षा और आयुर्वेद सहित विभिन्न विभागों ने अपने-अपने प्रकरणों का निस्तारण किया। पात्र लाभार्थियों को सरकारी योजनाओं का लाभ प्रदान किया गया तथा स्वास्थ्य जांच के साथ जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी दी गई।
30 वर्ष पुराने पारिवारिक विवाद का हुआ समाधान
शिविर की सबसे बड़ी उपलब्धि धालेराव खुर्द निवासी तीन परिवारों के करीब 30 वर्ष पुराने पारिवारिक विवाद का आपसी सहमति से समाधान रहा। प्रशासन की समझाइश के बाद परिवारों ने बंटवारे पर सहमति जताई, जिससे वर्षों से चला आ रहा विवाद समाप्त हो गया। समझौते के बाद परिवारों ने प्रशासन का आभार व्यक्त किया और उनके चेहरों पर खुशी साफ दिखाई दी।
15 साल पुराना बंटवारा प्रकरण भी निपटा
इसी प्रकार गवारडी के खाता संख्या 158, खसरा संख्या 325 एवं 326 में नोरती पत्नी शंभूराम तथा पारस पुत्र भननाराम के बीच करीब 15 वर्ष पुराने बंटवारा प्रकरण का भी मौके पर समाधान किया गया।
नायब तहसीलदार प्रेम कुमार ढेबाना ने बताया कि दोनों पक्षों की आपसी सहमति से भूमि का विधिवत बंटवारा कराया गया, जिससे लंबे समय से लंबित विवाद समाप्त हो गया।
विभिन्न विभागों के अधिकारी रहे मौजूद
शिविर में प्रशासक बतुल बानो, प्रशासक प्रतिनिधि दिलदार खान, भू-निरीक्षक सुरेश कुमार एवं सुरेंद्र सिंह, पटवारी चैनाराम बोराणिया, ग्राम विकास अधिकारी नेमीचंद कुमावत, वरिष्ठ कृषि पर्यवेक्षक सुशील कुमार डांगा, सूचना सहायक हेमाराम माली, गजराज मीणा, रामेश्वरलाल भदाल, पवन कुमार शर्मा, पशुपालन विभाग के डॉ. सहदेव चौधरी, प्रतिभा चौधरी, कैलाश, सुनील गटियाला, ऊर्जा विभाग के कनिष्ठ अभियंता सुरेशचंद लटियाल एवं अंकित गोदारा, खाद्य सुरक्षा विभाग के धनराज, राशन डीलर गंगाराम, श्रवणराम, किसानराम, शिवराज डिडेल, रामकिशोर, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के कैलाश प्रधान, महिला एवं बाल विकास विभाग के अमित रसाल, परिवहन विभाग के ललित कुमार, शिक्षा विभाग के मदनलाल भदाल, निर्माण विभाग की शेफाली चौधरी, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के रामप्रसाद तंवर, जुगल सिंह, कनिष्ठ सहायक सुखाराम, मेना देवी, आयुर्वेद विभाग के डॉ. बलदेवराम, नर्सिंग अधिकारी सुनील कुमार, जलदाय विभाग की शोभा देवी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।