लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
पीसांगन में करीब एक घंटे बिजली रही बाधित, तकनीकी खराबी दूर कर बहाल की गई आपूर्ति
पीसांगन (अजमेर) | ओमप्रकाश चौधरी
अजमेर जिले के पीसांगन कस्बे में गुरुवार को एक अनोखी घटना सामने आई। रामद्वारा के पीछे स्थित कैलाश कुमावत के कुएं पर लगे थ्री-फेज ट्रांसफार्मर में शिकार की तलाश में घुसे एक नाग की करंट लगने से मौत हो गई। घटना के चलते क्षेत्र की बिजली आपूर्ति करीब एक घंटे तक बाधित रही।
जानकारी के अनुसार ट्रांसफार्मर में अचानक फॉल्ट आने से आसपास के इलाके की बिजली गुल हो गई। सूचना पर मौके पर पहुंचे विद्युत निगम के कर्मचारियों ने जांच की तो पाया कि एक नाग ट्रांसफार्मर के अंदर घुस गया था और करंट की चपेट में आने से उसकी मौत हो गई, जिससे ट्रांसफार्मर ट्रिप कर गया।
सूचना मिलते ही फीडर इंचार्ज दयाराम अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। कर्मचारियों ने ट्रांसफार्मर में फंसे नाग के शव को सावधानीपूर्वक बाहर निकाला और तकनीकी खराबी को दूर करने के बाद बिजली आपूर्ति बहाल कर दी।
स्थानीय लोगों का कहना है कि गर्मी के मौसम में सांप अक्सर ठंडी जगह और शिकार की तलाश में ट्रांसफार्मर तथा अन्य विद्युत उपकरणों के पास पहुंच जाते हैं। इससे पहले भी क्षेत्र में इस तरह की घटनाएं हो चुकी हैं।
फीडर इंचार्ज दयाराम ने लोगों से अपील की कि ट्रांसफार्मर और बिजली उपकरणों के आसपास कचरा न डालें तथा किसी भी प्रकार की तकनीकी गड़बड़ी या असामान्य गतिविधि दिखाई देने पर तुरंत विद्युत विभाग को सूचना दें।
