लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
58 को आगे के उपचार की सलाह
राजसमंद। जिला मुख्यालय स्थित सेंट पॉल्स सीनियर सेकेंडरी स्कूल में तेरापंथ प्रोफेशनल फोरम के सहयोग से ‘मिशन दृष्टि’ के तहत एक दिवसीय निःशुल्क मेगा नेत्र परीक्षण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में कक्षा 4 से 12 तक के कुल 628 छात्र-छात्राओं की आंखों की जांच की गई।
संस्था प्रधान एवं प्राचार्य फादर जॉनी मैथ्यू ने बताया कि सभी विद्यार्थियों की निःशुल्क आई स्क्रीनिंग की गई। जांच के दौरान 58 विद्यार्थियों में विस्तृत परीक्षण और उपचार की आवश्यकता पाई गई, जिन्हें आगे के उपचार के लिए परामर्श दिया गया। शिविर के दौरान विद्यार्थियों को नेत्र स्वास्थ्य, आंखों की स्वच्छता और नियमित नेत्र जांच के महत्व के प्रति भी जागरूक किया गया।
विद्यालय व्यवस्थापक फादर बेसिल वसुनिया ने कहा कि “स्वस्थ आंखें, उज्ज्वल भविष्य” की सोच के साथ आयोजित यह शिविर बच्चों के शारीरिक, मानसिक और शैक्षणिक विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने कहा कि समय पर नेत्र जांच से कई समस्याओं का प्रारंभिक स्तर पर ही पता लगाया जा सकता है।
शिविर में अलख नयन इंस्टीट्यूट, उदयपुर की विशेषज्ञ टीम ने सेवाएं प्रदान कीं। टीम में डॉ. कविश शर्मा, प्रियंका, सुमन, चेतना और सुनीता शामिल रहे। वहीं तेरापंथ प्रोफेशनल फोरम की ओर से आर.के. जैन, सुनील कोठारी, संयम मादरेचा और जयेश कोठारी ने आयोजन में सक्रिय सहयोग दिया।
कार्यक्रम के समापन पर फादर जॉनी मैथ्यू ने चिकित्सकों, तेरापंथ प्रोफेशनल फोरम के पदाधिकारियों तथा आयोजन से जुड़े सभी सहयोगियों का आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी ऐसे जनहितकारी शिविर आयोजित करने की बात कही।
