लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
धौलपुर (रिपोर्ट- मोहित गर्ग)। सरमथुरा थाना क्षेत्र में पुलिस और डीएसटी टीम ने पशु क्रूरता अधिनियम के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए 11 पिकअप वाहनों को जब्त कर 22 पशु तस्करों को गिरफ्तार किया है।
धौलपुर पुलिस अधीक्षक विकास सांगवान के निर्देशन में की गई इस कार्रवाई के दौरान टीम ने भैंसों और पड्डों से भरी गाड़ियों को रोका। जांच में सामने आया कि इन वाहनों में पशुओं को क्रूरता पूर्वक भरकर मध्यप्रदेश से उत्तर प्रदेश के कट्टीघर ले जाया जा रहा था।
थानाधिकारी हरेंद्र सिंह ने बताया कि डीएसटी टीम की सूचना पर खुर्दिया रपट के पास नाकाबंदी कर वाहनों को रोका गया। मौके पर कुल 99 भैंस और पड्डों को मुक्त करवाया गया तथा सभी 11 पिकअप वाहनों को जब्त कर लिया गया।
पुलिस ने सभी 22 आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ पशु क्रूरता अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों ने कहा कि इस तरह की अवैध गतिविधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।
कार्रवाई के दौरान थानाधिकारी हरेंद्र सिंह सहित पुलिस जाब्ता और डीएसटी टीम मौजूद रही।
