लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
नगर पालिका पर लापरवाही का आरोप, जल्द सफाई नहीं हुई तो आंदोलन की चेतावनी
रिपोर्टर संजीव बंसल
कठूमर (अलवर)। कस्बे के मुख्य बाजार से सटे रसाला मोहल्ले में लंबे समय से जमा कचरे के ढेर ने स्थानीय लोगों की चिंता बढ़ा दी है। एक पुरानी खंडहरनुमा हवेली के मुख्य गेट के सामने कई महीनों से पड़े कचरे के कारण क्षेत्र में दुर्गंध फैल रही है, वहीं मच्छरों और अन्य कीटों का प्रकोप बढ़ने से डेंगू, मलेरिया सहित अन्य संक्रामक बीमारियों के फैलने की आशंका जताई जा रही है।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि नगर पालिका को कई बार शिकायत देने के बावजूद अब तक सफाई नहीं कराई गई। मोहल्ला निवासी भूमिदत्त शर्मा ने बताया कि यह मुख्य मार्ग होने के कारण प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग यहां से गुजरते हैं। इसी रास्ते से स्कूली बच्चे, ग्रामीण बैंक के ग्राहक, आयुर्वेदिक औषधालय आने वाले मरीज तथा प्रधान मार्केट जाने वाले नागरिक आवागमन करते हैं, लेकिन गंदगी के कारण सभी को परेशानी उठानी पड़ रही है।
सतीश खंडेलवाल ने बताया कि रसाला मोहल्ले के मुख्य प्रवेश द्वार के पास भी नियमित रूप से कचरा डाला जा रहा है, जिससे पूरे क्षेत्र की स्वच्छता व्यवस्था प्रभावित हो रही है। उन्होंने मांग की कि दोनों स्थानों की तत्काल सफाई कराई जाए तथा खुले में कचरा फेंकने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।
इस संबंध में सफाई ठेकेदार मानसिंह ने बताया कि सोमवार सुबह दोनों स्थानों की सफाई कराई जाएगी। साथ ही खुले में कचरा डालने वालों की पहचान कर उन्हें समझाइश दी जाएगी, ताकि भविष्य में ऐसी स्थिति दोबारा उत्पन्न न हो।
इधर, मोहल्लेवासियों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया गया तो वे नगर पालिका कार्यालय के बाहर प्रदर्शन कर जनआंदोलन शुरू करेंगे।
