लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
राजसमंद में संयुक्त औचक निरीक्षण, सुरक्षा मानकों में लापरवाही मिलने पर कार्रवाई
राजसमंद | गौतम शर्मा
राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जयपुर के निर्देश पर राजसमंद जिले में यात्रियों की सुरक्षा को लेकर लग्जरी और स्लीपर बसों का संयुक्त औचक निरीक्षण किया गया। सड़क दुर्घटनाओं, बसों में आग लगने की घटनाओं और सुरक्षा मानकों की अनदेखी को देखते हुए चलाए गए इस विशेष अभियान में कई बसों के चालान किए गए, जबकि गंभीर अनियमितता पाए जाने पर कुछ बसों को सीज कर दिया गया।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव भारत भूषण पाठक ने बताया कि जिला कलक्टर के समन्वय से गठित संयुक्त टीम में मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट धर्मेंद्र कुमार शर्मा, पुलिस उप अधीक्षक नेत्रपाल सिंह, जिला परिवहन अधिकारी राघव शर्मा, उप निरीक्षक पन्नालाल, निरीक्षक अनिता पंवार, परिवहन उप निरीक्षक नवीन कुमार जैन सहित प्राधिकरण के अधिकारी एवं कर्मचारी शामिल रहे।
निरीक्षण के दौरान टीम ने स्लीपर और लग्जरी बसों की लंबाई, स्लीपर बर्थ के मानक, अग्निशमन यंत्र, आपातकालीन निकास, कांच तोड़ने के लिए सुरक्षा हैमर, सीट क्षमता, वाहन फिटनेस, चालक के ड्राइविंग लाइसेंस तथा अन्य आवश्यक दस्तावेजों की गहन जांच की।
जांच में सुरक्षा मानकों का पालन नहीं करने वाली बसों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करते हुए चालान किए गए। वहीं गंभीर खामियां मिलने पर कुछ बसों को सीज भी किया गया।
निरीक्षण दल ने बस संचालकों को सुरक्षा संबंधी सभी मानकों का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए और स्पष्ट किया कि यात्रियों की सुरक्षा से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। भविष्य में भी इस तरह के औचक निरीक्षण अभियान जारी रहेंगे।