लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
व्यवस्थाओं और विकास कार्यों को लेकर दिए आवश्यक निर्देश
नागौर | प्रदीप कुमार डागा
राज्य सरकार की योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन एवं प्रशासनिक व्यवस्थाओं को अधिक जवाबदेह और जनोन्मुख बनाने के उद्देश्य से जिला कलेक्टर देवेंद्र कुमार ने सोमवार को जायल उपखंड क्षेत्र का व्यापक दौरा कर विभिन्न ग्रामों, विकास कार्यों तथा राजकीय कार्यालयों का सघन निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने योजनाओं की प्रगति, कार्य गुणवत्ता और आमजन को मिल रही सुविधाओं की जमीनी स्थिति का अवलोकन करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जिला कलेक्टर ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रोल का निरीक्षण कर चिकित्सा व्यवस्थाओं, रोगी सुविधाओं तथा भीषण गर्मी को देखते हुए हीट वेव एवं लू से बचाव संबंधी व्यवस्थाओं को और अधिक प्रभावी बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने ओपीडी एवं आईपीडी सेवाओं को सुचारू बनाए रखने तथा मुख्यमंत्री आयुष्मान आरोग्य योजना (एमएए योजना) के बेहतर संचालन के लिए आवश्यक निर्देश प्रदान किए।
कुमार ने अस्पताल के वार्डों का निरीक्षण कर लू एवं तापघात से प्रभावित मरीजों के उपचार हेतु पर्याप्त संसाधन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। साथ ही लेबर रूम का निरीक्षण कर मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाए रखने के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया।
कलेक्टर ने अस्पताल की लैब व्यवस्था का विस्तार से अवलोकन करते हुए जांच सुविधाओं को सुदृढ़ करने तथा तकनीकी एवं व्यवस्थागत समस्याओं के त्वरित समाधान के निर्देश दिए। दवा वितरण कक्ष का निरीक्षण कर उन्होंने आवश्यक दवाओं की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही अधिक से अधिक मरीजों का आभा आईडी के माध्यम से पंजीयन करवाने के निर्देश दिए।
इस दौरान उन्होंने एचपीवी वैक्सीनेशन अभियान की प्रगति की समीक्षा करते हुए टीकाकरण अभियान को और अधिक प्रभावी एवं व्यापक बनाने पर जोर दिया।
इसके उपरांत जिला कलेक्टर ने ग्राम पंचायत फरड़ोद में मनरेगा कार्यों का निरीक्षण कर कार्य गुणवत्ता, प्रगति एवं श्रमिक सुविधाओं को बेहतर बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि विकास कार्यों में गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा तथा सभी कार्य समयबद्ध रूप से पूर्ण किए जाएं।
भ्रमण कार्यक्रम के दौरान कलेक्टर देवेंद्र कुमार ने मातासुख माइंस प्रोजेक्ट का निरीक्षण कर परियोजना संचालन, सुरक्षा प्रबंधन एवं नियामकीय अनुपालना को प्रभावी बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने सुरक्षा मानकों की सख्ती से पालना सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया।
इसके बाद कलेक्टर ने ग्राम पंचायत खियाला में आयोजित पौधारोपण कार्यक्रम में भाग लिया तथा पर्यावरण संरक्षण, जल संवर्धन एवं वर्षा जल संचयन से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के साथ संचालित करने के निर्देश दिए। उन्होंने जल संरक्षण कार्यों को गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध तरीके से पूर्ण करने को कहा।
दौरे के दौरान कलेक्टर ने जायल के उपखंड कार्यालय, तहसील कार्यालय, उपकोष कार्यालय एवं पंचायत समिति सहित विभिन्न राजकीय कार्यालयों का निरीक्षण किया। उन्होंने कार्यालय अभिलेखों के सुव्यवस्थित संधारण, जनसुनवाई के प्रभावी संचालन, लंबित प्रकरणों के त्वरित निस्तारण तथा प्रशासनिक कार्यप्रणाली को अधिक पारदर्शी एवं जवाबदेह बनाने के निर्देश दिए।
कलेक्टर देवेंद्र कुमार ने कहा कि प्रशासन का उद्देश्य केवल कार्य निष्पादन तक सीमित नहीं है, बल्कि योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक प्रभावी रूप से पहुंचाना और आमजन का विश्वास मजबूत करना है। उन्होंने अधिकारियों को नवाचार, तकनीक आधारित प्रशासन एवं परिणाममुखी कार्यशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया।