Home crime चंद्रभान हत्याकांड में पुलिस मुठभेड़, एक के पैर में लगी गोली,...

चंद्रभान हत्याकांड में पुलिस मुठभेड़, एक के पैर में लगी गोली, दो गिरफ्तार

0

लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्कॉ

भरतपुर। चंद्रभान हत्याकांड में भरतपुर पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए दो फरार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर से दबोचे गए दोनों आरोपियों ने भरतपुर लाते समय पुलिस पर हमला कर फरार होने की कोशिश की। जवाबी कार्रवाई में एक आरोपी के पैर में गोली लगी, जबकि दूसरा भागते समय गिरकर घायल हो गया। दोनों का आरबीएम अस्पताल में उपचार चल रहा है।

जिला पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार मीणा ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान प्रवीण उर्फ बॉबी और बलराम के रूप में हुई है। दोनों को बुलंदशहर से दस्तयाब कर भरतपुर लाया जा रहा था। चिकसाना थाना क्षेत्र में लघुशंका का बहाना बनाकर दोनों ने एक पुलिसकर्मी की पिस्टल छीन ली और पुलिस टीम पर फायरिंग करते हुए भागने का प्रयास किया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में प्रवीण के पैर में गोली लगी, जबकि बलराम भागने के दौरान गिरकर घायल हो गया।

घटना के बाद दोनों आरोपियों को तत्काल आरबीएम अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने इस पूरे घटनाक्रम को लेकर चिकसाना थाने में अलग से मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

सीसीटीवी और मुखबिर तंत्र से मिली सफलता

एसपी मीणा ने बताया कि 5 जुलाई की रात हुई वारदात के बाद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कई विशेष टीमें गठित की गई थीं। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, सीओ सिटी, सीओ ग्रामीण, सेवर थाना, चिकसाना थाना, डीएसटी और अन्य टीमों ने सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर तंत्र की मदद से आरोपियों का पीछा किया। सूचना मिलने पर बुलंदशहर में दबिश देकर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली गई है।

तीनों आरोपी अब पुलिस की गिरफ्त में

एसपी ने बताया कि इससे पहले इसी मामले में महेश उर्फ शेरू को भी पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया जा चुका है। अब चंद्रभान हत्याकांड के तीनों आरोपी पुलिस की गिरफ्त में हैं। तीनों आरोपी भरतपुर के कासोट गांव के निवासी हैं। पुलिस उनकी अन्य आपराधिक वारदातों में संलिप्तता की भी जांच कर रही है।

लूट के इरादे से हुई थी फायरिंग, इलाज के दौरान हुई मौत

गौरतलब है कि 5 जुलाई को सेवर थाना क्षेत्र में व्यापारी चंद्रभान पर लूट के इरादे से बदमाशों ने फायरिंग की थी। गोली पेट में लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गए थे। पहले उन्हें आरबीएम अस्पताल और बाद में जयपुर के एसएमएस अस्पताल रेफर किया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।

पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि इन्हीं तीनों आरोपियों ने चिकसाना थाना क्षेत्र की न्यू पुष्प वाटिका कॉलोनी में व्यापारी प्रमोद मित्तल पर भी लूट के इरादे से फायरिंग की थी, जिसमें वह घायल हो गए थे। पुलिस दोनों मामलों समेत अन्य वारदातों में आरोपियों की भूमिका की गहन जांच कर रही है।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version