Home latest भरतपुर के अपना घर आश्रम में महिला प्रभुजियों ने धूमधाम से मनाया...

भरतपुर के अपना घर आश्रम में महिला प्रभुजियों ने धूमधाम से मनाया करवा चौथ

0

लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क


भरतपुर । भरतपुर के अपना घर आश्रम के स्प्रीचुअल पार्क में गुरुवार को करवा चौथ का पर्व श्रद्धा और भक्ति के साथ मनाया गया। आश्रम में देश के विभिन्न हिस्सों से लाकर स्वास्थ्य लाभ हेतु भर्ती की गई 3,412 निराश्रित महिला प्रभुजी इस दिन निर्जला व्रत रखकर अपने पतियों की लंबी आयु की कामना करती हैं।

आश्रम में 123 से अधिक महिला प्रभुजियों ने विधि-विधान के साथ करवा चौथ मनाया। महिलाओं का कहना था कि चाहे हालात कैसी भी हों, उनकी आस्था और उम्मीद अभी भी जीवित है। पति से अधिक परमात्मा में विश्वास रखते हुए वे मानती हैं कि उनका व्रत और समर्पण किसी न किसी दिन पति के दिल तक अवश्य पहुंचेगा।

आश्रम में 11 साल से रह रही प्रभुजी मंजू और 5 साल से व्रत कर रही  प्रिया ने बताया कि वे हर साल पति की लंबी आयु के लिए करवा चौथ का व्रत रखती हैं। उनका मानना है कि एक दिन उनके पति उन्हें लेने जरूर आएंगे। कभी-कभार फोन पर बात कर लेना भी उनके लिए काफी है।

व्रत के दौरान महिला प्रभुजियों ने मेहंदी लगाई और श्रृंगार किया। चुंदड़ी परिधान पहनकर दोपहर 1 बजे चौथ माता की कथा सुनी। इसके बाद ढोलक की थाप पर सुहाग गीत, भजन और लोकगीत गाकर नृत्य किया गया। रात को चंद्रमा के दर्शन के बाद विधिपूर्वक अर्घ्य देकर व्रत खोला जाएगा।

इस अवसर पर आश्रम की सभी पदाधिकारी व कर्मचारी प्रभुजियों की सजावट और तैयारी में जुटे रहे। महिला प्रभुजियों के लिए विशेष भोजन और प्रसादी का भी आयोजन किया गया। इस प्रकार आश्रम में रह रही महिलाएं परिवार और पति के प्रति अपने समर्पण का जीवंत उदाहरण प्रस्तुत करती हैं।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version