लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
राठौड़ ने शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की, मुलाकात के दौरान पुराने संसदीय संस्मरण भी हुए साझा।
जयपुर। (रितु मेहरा) भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने सोमवार को राजस्थान की पहली महिला विधानसभा अध्यक्ष एवं नौ बार की विधायक रहीं सुमित्रा सिंह से उनके आवास पर शिष्टाचार भेंट कर उनका कुशलक्षेम जाना तथा शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की।
मुलाकात के दौरान दोनों नेताओं के बीच पुराने राजनीतिक और संसदीय संस्मरणों पर भी चर्चा हुई। सुमित्रा सिंह ने वर्ष 2003 से 2008 के अपने विधानसभा अध्यक्ष कार्यकाल से जुड़े अनुभव साझा किए, वहीं मदन राठौड़ ने भी उन दिनों की कई यादों का उल्लेख किया।
इस अवसर पर मदन राठौड़ ने कहा कि सुमित्रा सिंह ने अपने सार्वजनिक जीवन में प्रदेश और समाज की सेवा के लिए उल्लेखनीय योगदान दिया है। उन्होंने कहा कि विधानसभा अध्यक्ष के रूप में उनका कार्यकाल अनुशासन, निष्पक्षता और संसदीय परंपराओं के प्रभावी निर्वहन के लिए हमेशा याद किया जाएगा। सदन में उनकी कड़ी अनुशासनप्रियता और संसदीय नियमों पर मजबूत पकड़ उन्हें एक विशिष्ट पहचान दिलाती रही।
इस दौरान भाजपा प्रदेश मंत्री डॉ. अपूर्वा सिंह, प्रदेश कार्यालय प्रभारी मुकेश पारीक तथा प्रदेश प्रवक्ता स्टेफी चौहान भी मौजूद रहे। सभी नेताओं ने सुमित्रा सिंह के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ, उत्तम स्वास्थ्य और दीर्घायु की कामना की।