Home latest बे-मौसम बारिश से चौपट हुई कटी हुई फसलें, किसानों की मेहनत पर...

बे-मौसम बारिश से चौपट हुई कटी हुई फसलें, किसानों की मेहनत पर पानी

0

लोक टुडे न्यूज नेटवर्क

किसानों ने उठाई राहत सर्वे और मुआवजे की मांग

पादूकलां। कस्बे सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में सोमवार सुबह हुई बे-मौसम बारिश ने किसानों की उम्मीदों पर पानी फेर दिया। खेतों में पड़ी कटी हुई मूंग व अन्य फसलें पूरी तरह भीगकर बर्बाद हो गईं। इस प्राकृतिक आपदा से किसानों की मेहनत, लागत और उम्मीदें सभी पर गहरा आघात पहुँचा है।

किसान गंभीरराम पुत्र सुखाराम ने बताया कि उनके खेत में करीब दो हेक्टेयर में मूंग की कटी हुई फसल रखी हुई थी, लेकिन अचानक हुई बारिश से सारे गट्ठर भीगकर पूरी तरह खराब हो गए। उन्होंने कहा,

“यह नुकसान हमारे लिए बहुत बड़ा झटका है। कटाई के बाद फसल बेचकर ही परिवार का खर्च चलना था, अब सब बर्बाद हो गया।”

ग्रामीण किसानों का कहना है कि पादूकलां क्षेत्र के अधिकांश खेतों में ऐसी ही स्थिति है, जहाँ कटी हुई फसलें बारिश से सड़ गई हैं।

किसानों ने राज्य सरकार, स्थानीय प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से मांग की है कि तत्काल कृषि विभाग और बीमा कंपनियों के प्रतिनिधियों द्वारा सर्वे कराकर उचित मुआवजा दिलवाया जाए। किसानों का कहना है कि यदि जल्द राहत नहीं मिली तो अगले सीजन की बुवाई पर भी असर पड़ेगा।

इस आपदा से क्षेत्र में किसानों के बीच निराशा और चिंता का माहौल बना हुआ है।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version